महिला इंजीनियर ने वेतन भेदभाव का आरोप लगाते हुए मस्क के स्पेसएक्स पर दायर किया मुकदमा


सैन फ्रांसिस्को, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। स्पेसएक्स की इंजीनियर एशले फोल्ज ने एलन मस्क द्वारा संचालित एयरोस्पेस कंपनी पर वेतन भेदभाव का आरोप लगाते हुए मुकदमा दायर किया है। आरोप है कि महिला और अल्पसंख्यक कर्मचारियों को पुरुष और श्वेत कर्मचारियों की तुलना में कम वेतन दिया जा रहा है।

फोल्ज ने अपने प्रस्तावित क्लास-एक्शन मुकदमे में कहा कि उन्हें बेस-लेवल इंजीनियर के रूप में 92,000 डॉलर के वेतन पर नियुक्त किया गया था, हालांकि समान या कम अनुभव वाले पुरुषों को 115,000 डॉलर तक की पेशकश की गई।

एशले को सितंबर 2022 में स्पेसएक्स में प्रोपल्शन इंजीनियर के रूप में नियुक्त किया गया था।

मुकदमे में तर्क दिया गया कि मस्क और कंपनी के अधिकारियों के पास उनके भेदभावपूर्ण वेतन के लिए कोई वैध जस्टिफिकेशन नहीं है।

फोल्ज ने खुद को स्पेसएक्स की कुछ महिला इंजीनियरों में से एक बताया।

उन्हें वेतन गैप के बारे में तब पता चला जब कैलिफोर्निया का पे ट्रांसपेरेंसी एक्ट लागू हुआ।

फोल्ज ने स्पेसएक्स पर कैलिफोर्निया श्रम कानून का उल्लंघन करने का आरोप लगाया, और अदालत से उन्हें और किसी भी अन्य प्रभावित कर्मचारी को नागरिक दंड और मौद्रिक क्षतिपूर्ति देने के लिए कहा।

स्पेसएक्स ने अभी तक मुकदमे पर टिप्पणी नहीं की है।

यह पहली बार नहीं है जब मस्क द्वारा संचालित एयरोस्पेस कंपनी पर भेदभावपूर्ण भर्ती और पदोन्नति प्रथाओं का आरोप लगाया गया है।

इस साल अगस्त में, अमेरिकी न्याय विभाग (डीओजे) ने भर्ती में शरणार्थियों के साथ भेदभाव करने के लिए स्पेसएक्स पर मुकदमा दायर किया था।

–आईएएनएस

पीके/एसकेपी


Related Articles

Latest News