दूसरे देशों पर नियम थोपना रुकना चाहिए: पुतिन


सोची (रूस), 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि किसी अन्य देश पर नियम थोपना प्रतिबंधित होना चाहिए और किसी को भी दूसरों के लिए दुनिया पर शासन करने का अधिकार नहीं है।

गुरुवार को सोची में वल्दाई डिस्कशन क्लब के पूर्ण सत्र को संबोधित करते हुए पुतिन ने एक खुली, परस्पर जुड़ी और विविधतापूर्ण दुनिया बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया, जहां अन्य देशों पर नियम थोपना प्रतिबंधित होना चाहिए।

उन्होंने कहा, “किसी भी देश या लोगों पर यह थोपना वर्जित होना चाहिए कि उन्हें कैसे रहना चाहिए, उन्हें कैसा महसूस करना चाहिए। केवल सच्ची सांस्कृतिक और सभ्यतागत विविधता ही लोगों की भलाई और हितों का संतुलन सुनिश्चित करेगी।”

पुतिन ने कहा, “कोई भी हर किसी के लिए फैसला नहीं करेगा, और हर कोई हर चीज पर फैसला नहीं करेगा, लेकिन जो लोग किसी विशेष समस्या से सीधे प्रभावित हैं, वे इस बात पर सहमत होंगे कि क्या करना है और कैसे करना है।”

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति ने इस बात पर भी जोर दिया कि जब तक सभी देशों की राय का सम्मान नहीं किया जाता और सभी सुरक्षित महसूस नहीं करते तब तक स्थायी वैश्विक शांति स्थापित नहीं होगी।

रूस की रक्षा नीति पर पुतिन ने कहा कि रूस जल्द ही सरमाट रणनीतिक मिसाइल प्रणाली का बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू करेगा, और वैश्विक दूरी की परमाणु-संचालित क्रूज मिसाइल ब्यूरवेस्टनिक का आखिरी परीक्षण किया गया है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परमाणु सिद्धांत के परमाणु हथियारों से संबंधित हिस्से को बदलने की कोई आवश्यकता नहीं है क्योंकि “कोई भी समझदार व्यक्ति कभी भी रूस के खिलाफ परमाणु हथियारों का उपयोग करने पर विचार नहीं करेगा।”

–आईएएनएस

सीबीटी


Related Articles

Latest News