माथाभांगा-धुपगुड़ी में गरजे योगी: बीजेपी के लिए मांगे वोट, ममता सरकार पर तीखे हमले

  • योगी आदित्यनाथ ने माथाभांगा व धुपगुड़ी विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगे वोट
  • बांग्लादेशी घुसपैठियों के पैरोकारों ने पास नहीं होने दिया नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयकः सीएम योगी
  • बंगाल की धरती पर गरजे सीएम योगी- ‘ममता बनर्जी सिंहासन खाली करो, बीजेपी आ रही है’
  • मुसलमानों के अलावा किसी के बारे में नहीं सोचती तृणमूल कांग्रेस, डबल इंजन सरकार बनने पर नाक रगड़कर भीख मांगेंगे टीएमसी के गुंडे

केसरिया न्यूज़, कूच बिहार/जलपाईगुड़ी, 18 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में फिर गरजे। माथाभांगा व धुपगुड़ी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक पर लोकसभा में विपक्षी दलों के रुख की भर्त्सना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के पैरोकारों ने यह संशोधन विधेयक पास नहीं होने दिया। यह देश की आधी आबादी का अपमान है, माता-बहनें इसे किसी रूप में बर्दाश्त नहीं करेंगी। सीएम योगी ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा अराजक स्थिति के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को दोषी ठहराते हुए ऐलान किया कि ममता बनर्जी सिंहासन खाली करो, बीजेपी आ रही है। अब बंगालवासियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

WhatsApp Image 2026 04 18 at 23.28.17
माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी दिनांक 18 अप्रैल 2026 को पश्चिम बंगाल के धुपगुरी जिला जलपाईगुड़ी विधान सभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए

आधी आबादी को हक नहीं देना चाहते विपक्षी दल
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहन-बेटियों के लिए लोकसभा व विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण 2029 में लागू करने का संशोधन विधेयक संसद में प्रस्तुत किया, लेकिन कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, सपा व वामपंथियों ने इसे पास नहीं होने दिया। ये लोग आधी आबादी को उसका हक नहीं देना चाहते, लेकिन बांग्लादेशी घुसपैठियों की पैरोकारी करते हैं। बंगाल में मुसलमानों का नाम मतदाता सूची में चढ़े और वे गरीबों के हक पर डकैती डाल सकें, तृणमूल सरकार का यही काम है। आखिर यह कब तक चलेगा। नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक को गिराने से आधी आबादी का अपमान हुआ है। देश की बहन-बेटियां इसे कतई स्वीकार नहीं कर सकती हैं।

देश ने संसद में देखा मां के साथ तृणमूल का व्यवहार
सीएम योगी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस मां, माटी व मानुष की बात करती थी। देश-दुनिया ने संसद में मां के साथ उनके व्यवहार को देखा। बंगाल में माटी की स्थिति यह है कि बांग्लादेशी घुसपैठियों द्वारा यहां के राजवंशियों व नागरिकों का हक छीना जा रहा है। मानुष टीएमसी की गुंडागर्दी से भयभीत है। उपज का दाम नहीं मिलने से किसान पलायन करने को विवश है। यूपी में आलू का दाम 15 से 20 रुपए है और यहां एक से डेढ़ रुपए। टीएमसी के 15 वर्ष के कार्यकाल में 7000 से अधिक बड़े कारखाने बंद हुए। यूपी में हमने तीन करोड़ नौजवानों को रोजगार दिया, लेकिन बंगाल में 30 लाख नौजवान बेरोजगार हुए। धान व मछली उत्पादन में लगातार गिरावट आ रही है। केंद्र सरकार विकास के लिए जो पैसा देती है, वह जरूरतमंदों तक नहीं पहुंचता। यह पैसा तृणमूल के गुंडे व बांग्लादेशी घुसपैठिए खा जाते हैं। सैंड माफिया, बागान माफिया सभी आपके हक पर डकैती डाल रहे हैं।

WhatsApp Image 2026 04 18 at 23.28.18 2

ममता दीदी को हिंदुओं व जय श्रीराम से चिढ़
टीएमसी प्रमुख पर कड़ा प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ममता दीदी को हिंदुओं व जय श्रीराम के उद्घोष से चिढ़ है। जिस तरह उन्होंने संसद में आधी आबादी को मिलने वाले हक का विरोध किया। ऐसे ही उन्होंने सिटीजनशिप अमेंडमेंट बिल के दौरान भी किया था। इस एक्ट में मोदी जी ने बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों में प्रताड़ित होकर भारत आने वाले हिंदू, जैन, सिख आदि को भारत की नागरिकता देने व जमीन का अधिकार देने का प्रावधान किया है। अभी पिछले सप्ताह ही उत्तर प्रदेश के अंदर 1056 ऐसे परिवारों को भूमि अधिकार दिया गया है, नागरिकता दी गई है, जिन्हें पूर्वी बंगाल से निकाला गया था। कांग्रेस, कम्युनिस्ट दलों व टीएमसी ने सीएए का विरोध किया, लेकिन हमारी सरकार दुनिया के किसी भी कोने में हिंदुओं के साथ मजबूती के साथ खड़ी रहेगी। उनकी सुरक्षा करेगी।

मुसलमानों के अलावा किसी के बारे में नहीं सोचती टीएमसी
मुख्यमंत्री ने टीएमसी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उसे मुस्लिम तुष्टिकरण से फुर्सत ही नहीं है। वह मुसलमानों के अलावा किसी के बारे में नहीं सोचती। बंगाल में आज ‘जय श्रीराम’ का नारा नहीं लगा सकते, क्योंकि सरकार आप पर अत्याचार करेगी, टीएमसी के गुंडे हमला बोल देते हैं। दुर्गापूजा से पहले उपद्रव हो जाता है। सरकार दुर्गापूजा व विसर्जन की अनुमति नहीं देती, गोहत्या कराती है और आमजन को प्रताड़ित करती है। 2017 से पहले यही स्थिति उत्तर प्रदेश में भी थी। वहां भी त्योहारों से पहले दंगे होते थे, महीनों कर्फ्यू रहता था। जय श्रीराम बोलने पर टीएमसी की पार्टनर सपा व कांग्रेस हमला कराती थीं और पुलिस से पिटवाती थीं। जुमे के दिन सड़कें जाम हो जाती थीं। सुबह 5 बजे से लोग मस्जिदों की आवाज से परेशान रहते थे।

WhatsApp Image 2026 04 18 at 23.28.21 2

अब यूपी में अजान की आवाज केवल मस्जिद तक
सीएम योगी ने कहा कि अब यूपी में डबल इंजन सरकार के कारण ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, सब चंगा’ है। कोई माफिया या दंगाई दिखता है तो बुलडोजर उसकी हड्डी-पसली तोड़कर एक्सप्रेसवे बना देता है। यूपी में माफियाओं की संपत्ति को कब्जे में लेकर गरीबों के आवास बना दिए गए हैं। शुक्रवार या किसी अन्य मौके पर भी सड़क पर नमाज नहीं पढ़ी जाती। अजान की आवाज सिर्फ मस्जिद में सुनाई देती है। लव-लैंड जेहाद नहीं हो सकता। बंगाल के पास भी यह अंतिम अवसर है। हम उद्घोष करते हैं- गो माता को कटने और हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे। बंगाल को मौलाना, मौलवियों के फतवों की धरती नहीं बनने देना है। इसे घुसपैठियों या काबा की नहीं, बल्कि मां काली, मां दुर्गा और मां सिद्धेश्वरी की धरती के रूप में स्थापित करना होगा। हमने यूपी में यह कर के दिखाया है, डबल इंजन सरकार आने पर बंगाल में भी कर के दिखाएंगे।

कांवड़ यात्रा भी निकलेगी और दुर्गापूजा भी होगी
सीएम योगी ने कहा कि 2017 के पहले रामभक्तों पर गोली और डंडे चलते थे, लेकिन कांग्रेस, सपा, टीएमसी, डीएमके अयोध्या में श्रीराम मंदिर बनने से नहीं रोक पाए। डबल इंजन की स्पीड बुलेट की तरह है और इसके आगे ये सब पंक्चर हो गए। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया। यूपी में गाजियाबाद से हरिद्वार, प्रयागराज से काशी, अयोध्या से गोरखपुर, बरेली समेत अनेक स्थानों पर ‘हर-हर महादेव’ उद्घोष के साथ निकलने वाली कांवड़ यात्राओं में चार-चार करोड़ शिवभक्त आते हैं। 2017 के पहले यह यात्रा नहीं निकलते दी जाती थी। सपा, कांग्रेस व टीएमसी वाले कहते थे कि इससे धर्म निरपेक्षता खतरे में पड़ जाएगी, दंगे हो जाएंगे। 2017 में भी इन्होंने यही कहा था, तब मैंने कहा कि यहां दुर्गापूजा होगी और कांवड़ यात्रा भी निकलेगी।

बलिदान की नई परंपरा दी है बंगाल की माटी ने
मुख्यमंत्री ने बंगाल के गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर, बंकिम चट्टोपाध्याय, रामकृष्ण परमहंस, स्वामी प्रणवानंद, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, खुदीराम बोस व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आदि राष्ट्रनायकों को स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धा निवेदित की। सीएम ने कहा कि बंगाल की माटी ने संस्कृति, सभ्यता के साथ ही बलिदान की नई परंपरा को जन्म दिया है। आस्था, लोककला, संस्कृति, लोकगीतों, वीरों के शौर्य, अन्नदाता के परिश्रम की भूमि बंगाल ने भारत में अपनी पहचान बनाई है। यह ठाकुर पंचानंद राय, वीर चिलाराय, पद्मश्री गीताराय बर्मन की पावन धरा है।

WhatsApp Image 2026 04 18 at 23.28.16 1

भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील
सीएम योगी ने कहा कि आप लोग बंगाल में बीजेपी की डबल इंजन सरकार ले आइए। टीएमसी के गुंडे व सिपहसालार, जो धमकी दे रहे हैं, 4 मई के बाद ये लोग आपके सामने नाक रगड़ते हुए भीख मांगेंगे और घुटने टेकेंगे। यह वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने का वर्ष है। अब यहां डबल इंजन की सरकार फिर से बंगाल के गौरव की पुनर्स्थापना करेगी। मुख्यमंत्री ने माथाभांगा से भाजपा उम्मीदवार पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री निशीथ प्रमाणिक, सीतलकुची से सावित्री बर्मन व धुपगुड़ी से नरेश चंद्र राय को भारी मतों से जिताने की अपील की।

WhatsApp Image 2026 04 18 at 23.28.19


बांग्ला में संवाद कर दिलों में उतरे सीएम योगी
कूच बिहार/जलपाईगुड़ी, 18 अप्रैल। जनसभाओं में मतदाताओं से बांग्ला में संवाद कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों का दिल जीत लिया। सीएम के इस अंदाज पर लोगों ने दोनों हाथ उठाकर उनकी बातों का बांग्ला में ही जवाब भी दिया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में लोगों से कहा कि आप लोग दोनों हाथ उठाकर भाजपा प्रत्याशियों को आशीर्वाद दीजिए। तब सीएम में बांग्ला में कहा- आमार सोनार बांग्ला (हमारा सोने जैसा बंगाल), जनता ने जवाब दिया- टीएमसी मुक्तो बांग्ला (टीएमसी मुक्त बंगाल)। इसके बाद तो सीएम व जनता के बीच सवाल-जवाब का सिलसिला शुरू हो गया। सीएम ने कहा- ऑन्धकार, जनता बोली- हटबे, मुख्यमंत्री ने कहा- सूरोज, जनता बोली- उगेबे, सीएम बोले- कोमोल, जनता ने कहा- खिलबे (अंधेरा-हटेगा, सूरज-उगेगा, कमल-खिलेगा)। मुख्यमंत्री ने यह कहकर अपनी बात संपन्न की- पलटानो दोरकार (परिवर्तन की जरूरत), इसका भी जनता ने उत्तर दिया- चाई बीजेपी सोरकार (चाहिए भाजपा सरकार)। उपस्थित जनसमूह ने कई बार अपने दोनों हाथ उठाकर इसे दोहराया। सीएम योगी के इस संवाद ने जनसभा में उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।

WhatsApp Image 2026 04 18 at 23.28.22 1

Related Articles

Latest News