मैनपुरी, 21 फरवरी (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव ने बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दुनिया में ऐसी कई तरह की बातें होती रहती हैं।
उन्होंने कहा, “भारत में ऐसे बहुत से लोग मानसिक रूप से परेशान रहते हैं। वे बिना सोच-समझ के काम कर बैठते हैं, जिनका दूसरों पर बुरा असर पड़ता है। लोगों को ऐसे काम करने में जरा भी झिझक नहीं होती। उन्हें बस थोड़ी सी लोकप्रियता या पहचान बढ़ाने की चाह होती है, फिर चाहे इसके लिए उन्हें कुछ भी करना पड़े। ऐसे लोगों को इस बात की परवाह नहीं होती कि उनकी बात समझदारी वाली है या बेकार।”
उन्होंने भारत की वर्तमान स्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर कोई धरती की तारीफ कर दे, तो उसके बाद बाकी सब कुछ गलत होता है। उन्होंने सरकारी कर्मचारी पर टिप्पणी करते हुए कहा, “अब हालत ये है कि एक जॉइंट सेक्रेटरी से नोट लिखवाया जाए तो, वो ऐसा नहीं कर पाएगा। पहले के दौर में लोगों को ठीक से लिखना सिखाया जाता था। उन्हें चिट्ठियां कैसे लिखी जाती हैं, यह भी बताया जाता था, लेकिन अब ऐसा कोई प्रशिक्षण नहीं मिलता। लोग सीधे चैटजीपीटी या एआई टूल का सहारा लेने लगे हैं।
रामगोपाल यादव ने एआई के बढ़ते इस्तेमाल पर गहरी चिंता जताते हुए कहा, “एआई का उपयोग गंभीर और सोच-समझ वाले कामों के लिए सही तरीके से नहीं हो रहा है। यह एक बड़ी समस्या बन गई है।”
फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ एक ऐसी लड़की की कहानी है जो वसीम अख्तर (विशाल मोहन) नाम के लड़के से प्यार करती है और उससे शादी करना चाहती है। लेकिन दोनों का धर्म उनके प्यार के आड़े आता है।
फिल्म को लेकर विवाद चरम पर है। बीते कुछ दिनों से संभल और आसपास के इलाकों में विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। यादव समुदाय के लोगों का कहना है कि फिल्म का शीर्षक ही आपत्तिजनक है और जानबूझकर एक खास समाज को निशाना बनाया गया है।
–आईएएनएस
एनएस/वीसी
