UP: 8 से 10 जून तक होगी यूपी पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा, नोटिफिकेशन जारी

 उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर अधिसूचना जारी की है। लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को होगी।भर्ती बोर्ड के अपर सचिव सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि आठ व नौ जून को सभी जिलों में दो पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।

पहली पाली की लिखित परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से पांच बजे तक होगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए भर्ती बोर्ड ने लिखित परीक्षा की तिथि से तीन दिन पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध कराई है।

अभ्यर्थी भर्ती बोर्ड की वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अपने परीक्षा केंद्र व लिखित परीक्षा किस जिले में होनी है उसकी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि परीक्षा केंद्रों पर ई-केवाईसी कराने के लिए अभ्यर्थी अपना आधार कार्ड अनलॉक रखें। आरक्षियों के 32,679 पदों के लिए 30 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

Related Articles

Latest News