विजयनगर, 3 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और सिंचाई मंत्री डी.के. शिवकुमार ने रविवार को कहा कि तुंगभद्रा बांध के 33 क्रेस्ट गेट बदलने का काम लगभग पूरा हो चुका है और अधिकारियों को 15 मई को इसके उद्घाटन की तैयारी के निर्देश दिए गए हैं।
शिवकुमार ने बांध पर 33 नए गेट लगाने के कार्य का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से कहा, ”तुंगभद्रा बांध के सभी 33 नए गेट लगाए जा चुके हैं और अब केवल थोड़ा सा काम बाकी है। इसे 7 मई तक पूरा करने और 15 मई को उद्घाटन की तैयारी के निर्देश दिए गए हैं।”
उन्होंने कहा, ”आज बहुत खुशी का दिन है। 7.50 लाख किसानों की आजीविका सुरक्षित हुई है। जिन्होंने हमारी आलोचना की थी, उन्हें आज जवाब मिल गया है। हमने जो फैसला लिया था, उसका परिणाम सामने आया है। चार जिलों के किसानों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। अभी बांध में 10.50 टीएमसी पानी है। अगर बारिश होती है तो दो महीने में 44 टीएमसी पानी भर जाएगा। अब तक 54 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं और यह खर्च दोनों राज्यों द्वारा 64:34 के अनुपात में वहन किया जा रहा है।”
उन्होंने कहा, ”बांध प्रशासन को स्वायत्तता दी गई है और हमने सुनिश्चित किया है कि कोई हस्तक्षेप न हो। 33 गेट लगाने का काम देश के लिए एक मॉडल है। पूरा देश इस काम को देख रहा था। जब 19वां क्रेस्ट गेट क्षतिग्रस्त हुआ था, तब हमने विशेषज्ञों की राय ली और उनके मार्गदर्शन में काम किया।”
उन्होंने आगे कहा, ”इसके अलावा अन्य परियोजनाओं की सुरक्षा के लिए 300 करोड़ रुपए दिए गए हैं। भले ही चेन सही बताई गई थीं, लेकिन मैंने उन्हें बदलने के निर्देश दिए हैं। यह काम चेन्नई की एक संस्था को दिया गया है। चेन की पहली खेप जल्द आएगी। किसान और लोग इस काम से खुश हैं। ये गेट अगले 50 साल तक बिना किसी परेशानी के काम करेंगे।”
उन्होंने कहा, ”किसानों ने हमारी स्थिति समझी और अपनी एक फसल का त्याग किया। मैं उनके सहयोग को सलाम करता हूं। जो लोग राजनीतिक आलोचना करते हैं, वे सिर्फ आदतन बोलते हैं, क्योंकि उन्होंने कभी ऐसा काम नहीं किया। इस काम से हमने आलोचकों को चुप करा दिया है।”
नवाली बैलेंसिंग रिजर्वायर और गाद (सिल्ट) हटाने के सवाल पर उन्होंने कहा, ”आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री हमें इस मुद्दे पर समय नहीं दे रहे हैं। हमारे सामने पानी को पंप करके कहीं और स्टोर करने का प्रस्ताव भी है। आंध्र सीएम बोर्ड स्तर पर चर्चा के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। उन्हें अभी ज्यादा पानी मिल रहा है, इसलिए वे रुचि नहीं ले रहे हैं। जो भी फैसला होगा, वह बोर्ड में लिया जाएगा।”
चीन मॉडल पर गाद हटाने के सवाल पर उन्होंने कहा, ”गाद हटाकर उसे कहीं और डालना आसान काम नहीं है। इसे निजी कंपनियों को देना होगा और वे तभी काम करेंगी जब यह लाभदायक होगा। हटाई गई गाद को कहां डाला जाएगा? इसके लिए ग्लोबल टेंडर निकालना होगा।”
बांध की ऊंचाई बढ़ाने के सवाल पर उन्होंने कहा, ”हम इस मुद्दे को नहीं छू रहे हैं। हम मौजूदा सिस्टम में ही पानी बचाने के तरीके खोज रहे हैं।”
राज्य में लंबित 86,000 फाइलों के सवाल पर उन्होंने कहा, ”मुख्यमंत्री ने कैबिनेट में इस पर चर्चा की है और सभी फाइलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए हैं।”
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
