महिला टी20 विश्व कप: एलिसे पेरी का अनोखा अर्धशतक, ऐसा करने वाली पहली खिलाड़ी बनीं

[ad_1]

202606203832554

नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 में शनिवार को ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड के बीच मैच ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज खिलाड़ी एलिसे पेरी के लिए यादगार बन गया। मैच में पेरी ने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया, जिसे टी20 विश्व कप के इतिहास में पहले किसी खिलाड़ी ने हासिल नहीं किया है।

नीदरलैंड के खिलाफ मैच एलिसे पेरी के टी20 विश्व कप का 50वां मैच है। टी20 विश्व कप के इतिहास में 50 मैच खेलने वाली वह पहली खिलाड़ी (महिला या पुरुष) हैं। हालांकि एक बल्लेबाज के तौर पर पेरी के लिए मैच यादगार नहीं रहा। वह सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गईं।

महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में पहले स्थान पर काबिज पेरी ने 2009 से 2026 के बीच 50 मैच खेले हैं और कुल 559 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं आया है। उनका सर्वाधिक स्कोर 42 रहा है। पेरी ने बतौर गेंदबाज भी सफलता पाई है और कुल 42 विकेट लिए हैं।

न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स दूसरे स्थान पर हैं। बेट्स ने 2009 से 2026 के बीच 43 मैचों में 1,235 रन बनाए हैं और 11 विकेट लिए हैं। तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हिली हैं। हिली ने 2010 से 2024 के बीच 42 मैचों में 1,008 रन बनाए हैं। भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर सर्वाधिक मैच खेलने के मामले में चौथे स्थान पर हैं। कौर ने 2009 से 2026 के बीच 41 मैचों में 774 रन बनाने के साथ ही 11 विकेट लिए हैं। न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन पांचवें नंबर पर हैं। वह 2009 से 2026 के बीच 40 मैचों में 852 रन बनाने के साथ ही 29 विकेट ले चुकी हैं।

महिला टी20 विश्व कप 2026 खेला जा रहा है। एलिसा हिली को छोड़कर शीर्ष पांच खिलाड़ी इस संस्करण का हिस्सा हैं, ऐसे में उनके कुल मैचों, रनों और विकेटों की संख्या बढ़ेगी।

पुरुष टी20 विश्व कप के इतिहास में सर्वाधिक मैच खेलने के मामले में भारत के रोहित शर्मा (47 मैच) पहले, इंग्लैंड के जोस बटलर (43 मैच) दूसरे, बांग्लादेश के शाकिब अल हसन (43 मैच) तीसरे, ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर (41 मैच) चौथे और इंग्लैंड के आदिल राशिद (38 मैच) पांचवें स्थान पर हैं।

–आईएएनएस

पीएके

[ad_2]

Related Articles

Latest News