लंदन, 10 जुलाई (आईएएनएस)। विंबलडन 2026 के पुरुष एकल के दूसरे सेमीफाइनल में इटली के जैनिक सिनर ने सर्बिया के नोवाक जोकोविच को हराकर पुरुष एकल के फाइनल में जगह बना ली है। शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में सिनर ने जोकोविच को सीधे सेटों में 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर लगातार दूसरे विंबलडन फाइनल में जगह बनाई।
डिफेंडिंग चैंपियन और दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी, 24 साल के सिनर ने अपने सर्बियाई विरोधी 39 साल के जोकोविच को सीधे सेटों में मात देकर एक बार फिर से उनका 25वां ग्रैंड स्लैम जीतने का सपना तोड़ दिया।
पहले सेट के सातवें गेम तक, मैच कांटे की टक्कर जैसा लग रहा था, लेकिन जैसे ही जैनिक सिनर ने अपनी चौथी सर्व की, चीजें काफी तेजी से बदल गईं। इसके बाद उन्होंने नोवाक जोकोविच की सर्विस तोड़ी और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। सिनर ने पहला सेट 6-4 से जीता। 4-4 तक मुकाबला कड़ा था, दोनों खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी सर्व बनाए रखी, इससे पहले कि इटैलियन खिलाड़ी ने जोकोविच की सर्विस तोड़कर बढ़त बना ली। फिर उन्होंने पहला सेट जीतने के लिए अपनी सर्व बनाए रखी। सिनर ने दूसरे सेट में फिर से जोकोविच की सर्विस तोड़कर इसे 6-4 से जीत लिया। पिछले चैंपियन ने अपना दबदबा बनाए रखा और लगातार तीसरा सेट 6-4 के अंतर से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
सिनर का फाइनल में रविवार को जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव से मुकाबला होगा। ज्वेरेव शुक्रवार को ही खेले गए पुरुष एकल के पहले सेमीफाइनल में ब्रिटिश आर्थर फेरी को सीधे सेटों में हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। ज्वेरेव ने आर्थर फेरी को 7-6(0), 6-2, 6-4 से हराकर पहली बार विंबलडन के फाइनल में जगह बनाई।
ज्वेरेव के पास रविवार को अपना पहला विंबलडन खिताब जीतने का मौका होगा, जबकि सिनर लगातार दूसरी बार इस टूर्नामेंट को जीतने की कोशिश करेंगे। सिनर ने विंबलडन 2025 का खिताब स्पेन के कार्लोस अल्काराज को हराकर जीता था।
