लखनऊ, 8 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में किसी युवा तेज गेंदबाज ने सबसे ज्यादा अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है, तो वो लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव हैं। गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ भी बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए प्रिंस ने अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। प्रिंस ने विराट कोहली को बोल्ड किया जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
आरसीबी को जीत के लिए 213 रन का लक्ष्य मिला था। इसके लिए जरूरी था कि विराट कोहली एक छोर संभाल कर रखें, विराट इसके लिए जाने भी जाते हैं, लेकिन प्रिंस यादव ने ऐसा नहीं होने दिया। प्रिंस एलएसजी की तरफ से पारी की दूसरा ओवर लेकर आए। विराट भी दूसरे ओवर में ही स्ट्राइक पर आए थे। ओवर की पहली गेंद पर रन नहीं बना। दूसरी गेंद पर प्रिंस ने विराट को बोल्ड कर दिया। विराट उस गेंद के मूवमेंट से हैरान थे जो उनके बल्ले को पीछे छोड़ते हुए उनकी विकेट उड़ा ले गई थी। कोहली 2017 के बाद पहली बार आईपीएल में शून्य पर आउट हुए। विराट का विकेट लेकर प्रिंस काफी खुश नजर आए।
मैच के बाद प्रिंस यादव से जब उनकी गेंदबाजी और विराट की विकेट के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “पिछले मैच के बाद, मैं विराट भैया से बात कर रहा था। उन्होंने मुझसे केवल इतना कहा, ‘जिस लेंथ पर मदद मिल रही हो, उसी लेंथ पर गेंदबाजी करते रहो।’ मैंने वही सलाह मानी।”
इस तरह विराट की सलाह को प्रिंस ने उन्हीं के खिलाफ हथियार के रूप में इस्तेमाल किया और उनका विकेट लिया। प्रिंस ने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्होंने विराट के अलावा देवदत्त पड्डिकल और जितेश शर्मा को आउट किया। उनकी घातक गेंदबाजी की वजह से ही 213 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही आरसीबी 203 रन बना सकी और मैच 9 रन से हार गई। एलएसजी के लिए मिशेल मार्श ने शतक लगाया था और 56 गेंदों पर 111 रन की पारी खेली थी।
प्रिंस यादव सीजन में एलएसजी के सबसे सफल गेंदबाज हैं और 10 मैचों में 16 विकेट ले चुके हैं। वह भुवनेश्वर और अंशुल कंबोज के बाद सीजन के तीसरे सफल गेंदबाज भी हैं।
–आईएएनएस
पीएके
