मुंबई, 16 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से इंग्लिश ऑनर्स की पढ़ाई पूरी करने के बाद मनोरंजन जगत में कदम रखा था। उन्होंने बताया कि वह स्कूल में टीचर की पसंदीदा छात्रा में से एक हुआ करती थी और शिक्षक चाहते थे कि वह सिविल सर्विस में जाएं।
अभिनेत्री ने बताया कि क्लास में हमेशा अव्वल आने की वजह से शिक्षक उन्हें हमेशा सिविल सर्विस में जाने की सलाह दिया करते थे। उन्होंने बताया, “मैं हमेशा क्लास में फर्स्ट आया करती थी और टीचर्स की फेवरेट रहा करती थी। मेरे टीचर हमेशा मुझसे कहते थे कि तुम्हें आईएएस या फिर आईएफएस बनना चाहिए। उस समय, अगर कोई भी पढ़ाई में अच्छा होता था, तो लोग अपने आप मान लेते थे कि आप इन्हीं में से कोई एक करियर की राह चुनेंगे। मेरे टीचर भी मुझसे यही उम्मीद करते थे।
अभिनेत्री ने बताया कि जब उन्होंने अपने शिक्षकों से कहा था कि वे एक एक्टर बनना चाहती हैं और फिल्म इंडस्ट्री में चली गई हैं, तो उनके टीचर उनसे निराश हो गए थे। उन्होंने कहा, “मेरे टीचर्स बस यह समझ नहीं पा रहे थे कि मैं उस भविष्य को क्यों छोड़ रही हूं जिसे वे बहुत अच्छा मानते थे। अजीब बात है, मैं टीचर की पसंदीदा भी थी और उनके लिए निराशा का कारण भी।”
उन्होंने आगे कहा, “अब पीछे मुड़कर देखती हूं, तो यह काफी मजेदार लगता है। एक्टिंग ने मुझे प्यार, हंसी और ऐसे अनुभव दिए, जिनकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। मुझे उम्मीद है कि अगर मेरे कोई भी टीचर आज मुझे देख रहे हैं, तो उन्हें पता होगा कि उनकी पसंदीदा स्टूडेंट ने अपना रास्ता खुद बनाया, और वह रास्ता सही साबित हुआ।”
अभिनेत्री जल्द ही प्राइम वीडियो की कॉमेडी-ड्रामा सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ में नजर आएंगी। 7 एपिसोड वाली यह सीरीज 24 जुलाई को रिलीज होगी। इसमें अर्चना पूरन सिंह एक बोल्ड व महत्वाकांक्षी टीचर ‘उर्मिला देवी’ का किरदार निभाती नजर आएंगी।
सीरीज की कहानी एक समस्याग्रस्त सरकारी स्कूल और उसके नए हेडमास्टर के चारों ओर घूमती है, जो स्कूल को सुधारकर कैम्ब्रिज जाने का मौका पाना चाहते हैं।
इस शो में अर्चना पूरन सिंह के अलावा, के के मेनन, अभिमन्यु सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, देवेन भोजानी, अजितेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह भी अहम भूमिका में हैं।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम
