जब बेटा पिता के सपनों को नई पहचान देता है, तो वह एहसास शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता : इस्माइल दरबार


मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। भारतीय संगीत जगत में अपनी धुनों और यादगार गीतों के लिए पहचान रखने वाले मशहूर संगीतकार इस्माइल दरबार एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल, वह अब डिजिटल दुनिया में एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं। उन्होंने यूट्यूब चैनल शुरू किया है। इस नए सफर की सबसे खास बात यह है कि इसमें उनके बेटे जैद दरबार भी उनके साथ हैं।

अपने इस नए सफर को लेकर इस्माइल दरबार ने खुशी जताई और कहा, ”अब तक मैं हमेशा संगीत के पीछे काम करता रहा हूं और लोगों ने मुझे मेरी धुनों और गीतों के जरिए जाना है। लेकिन इस बार कैमरे के सामने आना मेरे लिए बिल्कुल अलग अनुभव रहा। यह कदम मेरे लिए नया और चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन साथ ही बेहद रोमांचक भी है।”

इस्माइल दरबार ने कहा, ”इस पूरे चैनल की शुरुआत मेरे बेटे जैद दरबार ने की है। एक पिता के लिए इससे बड़ी खुशी शायद ही कोई और हो सकती है कि उसका बेटा उसके नए सफर का हिस्सा बने और उसे आगे बढ़ाने में मदद करे। जैद का साथ मेरे लिए इस यात्रा को और भी यादगार बना देता है।”

उन्होंने कहा, ”जब कोई पिता अपने बच्चे को आगे बढ़ते हुए देखता है और उसे जिम्मेदारी निभाते हुए पाता है, तो वह पल बेहद गर्व से भर देता है। जैद ने सिर्फ एक निर्देशक की भूमिका नहीं निभाई, बल्कि उन्होंने इस पूरे प्रोजेक्ट की भावना को भी पूरी तरह समझा और महसूस किया। यह काम मेरे लिए एक भावनात्मक अनुभव बन गया।”

यूट्यूब चैनल शुरू करने के पीछे की सोच के बारे में बात करते हुए इस्माइल दरबार ने कहा, ”संगीत ने मुझे हमेशा लोगों के दिलों से जोड़े रखा है। गीतों और धुनों के जरिए लाखों लोग मुझसे जुड़े हैं। लेकिन अब मैं अपने फैंस के साथ और भी करीब से जुड़ना चाहता हूं। यह नई शुरुआत पूरी तरह दिल से की गई है। यूट्यूब ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां मैं अपने जीवन के कई अनकहे पहलुओं को साझा कर सकता हूं। मैं अपने संघर्ष, सफलता, अनुभव और उन यादों को लोगों तक पहुंचाना चाहता हूं, जिन्होंने मेरे जीवन को आकार दिया। यह सिर्फ एक चैनल नहीं, बल्कि लोगों से जुड़ने का एक नया माध्यम है।”

इस्माइल दरबार ने कहा, ”इस पूरे सफर ने मेरे परिवार को और करीब ला दिया है। जब आपका अपना बेटा आपके सपनों को नई पहचान देने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम करता है, तो वह एहसास शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। इस दौरान कई ऐसे पल आए जो हमेशा मेरी यादों में बने रहेंगे।”

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Related Articles

Latest News