नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। भारत के पूर्व क्रिकेटर रवि शास्त्री ने चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज का बचाव किया है। शास्त्री का मानना है कि 25 वर्षीय कंबोज मैच में की गई अपनी गलतियों से बहुत कुछ सीखेंगे और मजबूती से वापसी करेंगे।
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अंशुल काफी महंगे साबित हुए। अंशुल ने अपने 2.4 ओवर के स्पेल में बिना कोई विकेट चटकाए 63 रन खर्च किए। अंशुल के खिलाफ एलएसजी के बल्लेबाज निकोलस पूरन ने चार गेंदों में लगातार 4 छक्के लगाते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से जीत दिलाई।
कंबोज की गेंदबाजी के बारे में बात करते हुए शास्त्री ने कहा कि जब मार्श ने शॉर्ट बॉल पर अटैक करना शुरू किया तो युवा तेज गेंदबाज को अपना प्लान बदल लेना चाहिए था। उन्होंने ‘जियोहॉटस्टार’ से कहा, “चार छक्के लगने के बाद अंशुल कंबोज को क्या करना चाहिए था? मेरे हिसाब से उन्हें और यॉर्कर फेंकनी चाहिए थीं और स्टंप्स को टारगेट करना चाहिए था। जब आपको पता हो कि मार्श शॉर्ट बॉल का इंतजार कर रहे हैं, तो या तो यॉर्कर फेंकें या ऑफ स्टंप के बाहर बाउंसर फेंकें। बाउंसर सिर की ऊंचाई के करीब होनी चाहिए, छाती या कमर की ऊंचाई के करीब नहीं, क्योंकि मार्श जैसे खिलाड़ी उन गेंदों को खेलने में बहुत सहज होते हैं।”
हालांकि, भारतीय टीम के पूर्व हेड कोच ने कहा कि मुश्किल पल युवा क्रिकेटरों को बेहतर होने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा, “अगर उन्हें चार छक्के नहीं लगे होते, तो वह इससे कुछ नहीं सीखते। हर कोई गलतियां करता है, लेकिन उनसे सीखना सबसे जरूरी है।” हार के बावजूद शास्त्री ने कहा कि सीएसके को इस मैच से सकारात्मक बातें लेनी चाहिए, क्योंकि बैटिंग के लिए पिच बहुत आसान नहीं थी और उस पर उन्होंने 187/5 का स्कोर बनाया।
कार्तिक शर्मा ने 71 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने नाबाद 32 रन बनाकर सीएसके को आकाश सिंह द्वारा दिए गए शुरुआती झटकों के बाद वापसी करने में मदद की। “मैं फिर भी सीएसके के लिए इस गेम से सकारात्मक बातें लूंगा। यह आसान विकेट नहीं था और उन्होंने फिर भी 187 रन बनाए। संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ ने ज्यादा रन नहीं बनाए, इसलिए अगर वे फॉर्म में वापस आते हैं, तो इससे टीम को बहुत मदद मिलेगी। गेंदबाज भी सीखेंगे कि इस तरह की पिचों पर किस लेंथ पर गेंदबाजी करनी है। चेन्नई में वह परिस्थितियों को बेहतर जानते हैं और अपने घर पर ज्यादा मजबूत होंगे।”
शास्त्री ने कहा कि इस हार से सीएसके को सबक लेकर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अगले मैच में उतरना चाहिए। “मैं इसे एक खराब दिन के तौर पर देखता हूं, लेकिन यह एक ऐसा गेम भी है जिसने उन्हें कई सबक सिखाए। मुझे लगता है कि सीएसके अगले मैच में अच्छी वापसी करेगी।” सीएसके के अब 12 मुकाबलों में 12 प्वाइंट हैं। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स को अपने बचे हुए दोनों मुकाबलों में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
–आईएएनएस
एसएम/पीएम
