सेंट विंसेंट, 23 मार्च (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम पर शुक्रवार को सेंट विंसेंट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए पहले टी20 मैच में धीमी ओवर गति की वजह से मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहयोगी कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 में कहा गया है कि न्यूनतम ओवर गति के अपराधों के लिए, खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। जुर्माना हर उस ओवर के लिए लगाया जाता है जो उनकी टीम निर्धारित समय में नहीं फेंक पाती है।
कप्तान हेली मैथ्यूज ने इस अपराध को स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित दंड को मान लिया। इस वजह से मामले की औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं है।
आईसीसी ने एक बयान में कहा, “अमीरात आईसीसी अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी पैनल के रेओन किंग ने यह दंड तब लगाया, जब समय भत्ते को ध्यान में रखने के बाद वेस्टइंडीज टीम को लक्ष्य से दो ओवर पीछे पाया गया।”
मैदान पर मौजूद अंपायर लॉरेन एगेनबैग और जैकलीन विलियम्स, तीसरे अंपायर कैंडिस ला बोर्डे, और चौथे अंपायर मारिया एबॉट ने यह आरोप लगाया था।
वेस्टइंडीज 3 टी20 और 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी कर रही है। पहले टी20 सीरीज खेली जा रही है। टी20 सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। पहला टी20 मैच 19 मार्च को खेला गया था। ऑस्ट्रेलिया ने 164 रन बनाए थे। इसके जवाब में वेस्टइंडीज 121 रन बना सकी थी और 43 रन से मैच हार गई थी। दूसरा मैच 21 मार्च को खेला गया था। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक बार फिर 165 रन बनाए थे और जवाब में वेस्टइंडीज 147 रन ही बना सकी और मैच 17 रन से हार गई।
सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के पास क्लीन स्वीप का मौका है, जबकि वेस्टइंडीज आखिरी मैच जीत अपना सम्मान बचाने की कोशिश करेगी।
–आईएएनएस
पीएके
