वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बचे खिलाड़ी अपने-अपने देशों के लिए रवाना हुए: आईसीसी


दुबई, 12 मार्च (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज दोनों देशों के आखिरी ट्रैवल ग्रुप की सुरक्षित वापसी की पुष्टि की है। दोनों टीमों के कुछ खिलाड़ी मिडिल ईस्ट में चल रहे संकट की वजह से टी20 विश्व कप 2026 की समाप्ति के बाद भी भारत में फंसे हुए थे।

आईसीसी ने कहा, “पिछले 24 घंटों में, दक्षिण अफ्रीका के बचे हुए 29 सदस्य और वेस्टइंडीज के 16 सदस्य अपने-अपने देशों के लिए फ्लाइट से रवाना हो गए हैं, जिससे एक मुश्किल ऑपरेशन खत्म हो गया है। मिडिल ईस्ट में चल रही समस्या की वजह से खिलाड़ियों की वापसी में समस्या उत्पन्न हुई थी।”

आईसीसी ने कहा, “हम क्रिकेट साउथ अफ्रीका, क्रिकेट वेस्टइंडीज और उनकी पूरी टीम को इस पूरी प्रक्रिया में उनके सपोर्ट के लिए धन्यवाद देते हैं। आईसीसी स्टाफ भी धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, स्टाफ और उनके परिवार की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत की।”

आईसीसी ने बुधवार को बताया था कि चार दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी और परिवार के पांच सदस्य फ्लाइट लेकर घर जा रहे हैं। उनके ग्रुप के बाकी सभी 29 सदस्यों के अगले 24 घंटों में निकलने की उम्मीद है।

बोर्ड ने कहा कि उनका पहला मकसद सभी खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना था, जिसमें हालात बदलने के साथ लगातार बदलाव करना शामिल था।

आईसीसी की ऑपरेशन और लॉजिस्टिक्स टीमों ने मुश्किल वैश्विक ट्रैवल हालात की वजह से होने वाली दिक्कतों का प्रबंधन करने के लिए सरकारों, एयरलाइंस, चार्टर प्रोवाइडर्स, एयरपोर्ट अथॉरिटीज और उनके सदस्य बोर्ड्स के साथ लगातार मिलकर काम किया।

वेस्टइंडीज टीम के नौ सदस्य पहले ही कैरिबियन के लिए निकल चुके थे, जबकि बाकी 16 ने अगले 12 घंटों में भारत से निकलने के लिए अपनी फ्लाइट बुक कर ली थीं।

खिलाड़ियों की घर वापसी में विलंब खाड़ी क्षेत्र में चल रहे संकट के कारण हुई। खाड़ी क्षेत्र में आई समस्या की वजह से अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा में बड़े पैमाने पर रुकावटें आई हैं। इसमें एयरस्पेस बंद होना, मिसाइल अलर्ट, रूट बदलने की दिक्कतें, और कमर्शियल और चार्टर दोनों तरह की फ्लाइट्स का अचानक स्थगित होना या रीशेड्यूल होना शामिल है।

आईसीसी ने कहा कि यात्रा से संबंधित समस्या उसके नियंत्रण से बाहर थी।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News