कूल इंडो-वेस्टर्न स्टाइल से साड़ी पहनना एक गेम-चेंजर: नविका कोटिया


मुंबई, 22 जनवरी (आईएएनएस)। ‘क्योंकि…सास मां, बहू बेटी होती है’ में मुख्य भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री नविका कोटिया इंडो वेस्टर्न सूट पहनने के बाद अब शो में अपने नवविवाहित लुक में साड़ी पहनकर रोमांचित करती नजर आएंगी।

हाल के एपिसोड में, दर्शकों ने देखा है कि सूरज (लक्ष्य खुराना) और केसर (नाविका कोटिया) की आखिरकार शादी हो गई है।

जहां केसर, सूरज से शादी कर खुश है, वहीं नाविका शो में अपने नए लुक को लेकर उत्साहित है।

उसी के बारे में बात करते हुए नविका ने कहा, “मैं अपने नए लुक को लेकर बहुत उत्साहित हूं, यह मेरे किरदार के लिए ताजी हवा के झोंके की तरह है। कूल इंडो-वेस्टर्न स्टाइल से साड़ी पहनना एक गेम-चेंजर है। साड़ियां हमेशा एक खूबसूरत एहसास लाती हैं।”

‘इंग्लिश विंग्लिश’ फेम अभिनेत्री ने कहा, “सेट पर इसे पहनकर घूमना थोड़ा चुनौतीपूर्ण है। मुझे पूरे दिन साड़ी पहनने की बिल्कुल भी आदत नहीं है, लेकिन मैं अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “जब स्टाइलिंग की बात आती है तो टीम और मैं उस सही संतुलन को बनाने के लिए विचार-मंथन कर रहे हैं, जहां केसर एक नवविवाहित दुल्हन के रूप में सुंदर दिखती है। हम इस नए अवतार के लिए कुछ अच्छे विचार तैयार कर रहे हैं।

यह शो जी टीवी पर प्रसारित होता है।

–आईएएनएस

एमकेएस/एसकेपी


Related Articles

Latest News