पांच दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचीं वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज


नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ बुधवार को पांच दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचीं। उनकी यह यात्रा भारत और वेनेजुएला के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने कहा कि रोड्रिगेज की यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को और गहरा करने में मदद करेगी। दौरे के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगी। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा समेत भारत-वेनेजुएला संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी।

जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “नई दिल्ली आगमन पर वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज का हार्दिक स्वागत है। उनकी यह यात्रा भारत-वेनेजुएला साझेदारी को नई गति प्रदान करेगी और द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाएगी।”

रोड्रिगेज के साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है, जिसमें वेनेजुएला के विदेश, अर्थव्यवस्था एवं वित्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, संचार एवं सूचना तथा परिवहन मंत्री शामिल हैं।

अपने दौरे के दौरान वेनेजुएला का प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा, दवा और ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रतिष्ठानों का दौरा करेगा। इस दौरान भारत की तकनीकी और औद्योगिक क्षमताओं का अवलोकन किया जाएगा तथा सहयोग की नई संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा।

यह डेल्सी रोड्रिगेज की भारत की छठी यात्रा है। इससे पहले वह 2015 में वेनेजुएला की विदेश मंत्री और 2019, 2023, 2024 तथा 2025 में उपराष्ट्रपति के रूप में भारत का दौरा कर चुकी हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, ऊर्जा और निवेश के क्षेत्र में भारत वेनेजुएला का एक महत्वपूर्ण साझेदार रहा है। भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों ने वेनेजुएला के ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय निवेश किया है और भविष्य में अपनी उपस्थिति को और मजबूत करने की इच्छुक हैं।

मंत्रालय ने कहा कि भारत और वेनेजुएला के बीच संबंध ऊर्जा सहयोग, व्यापार और ग्लोबल साउथ के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित हैं। उम्मीद है कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ करेगी तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा देगी।

–आईएएनएस

डीएससी


Related Articles

Latest News