मैनचेस्टर, 3 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार की शाम 7 बजे से खेला जाएगा। इस मैच से पहले इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन ने कहा है कि भारत के साथ सीरीज काफी रोमांचक होगी।
सैम करन ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “डरहम में खेला गया पहला मैच बारिश की वजह से मैच नहीं हो सका। हम भारत द्वारा दिया गया लक्ष्य हासिल कर सकते थे। मैं उम्मीद करता हूं कि शनिवार को दिन साफ रहेगा और पूरा मैच होगा। बारिश के कारण मैच नहीं होने से दोनों ही टीमें निराश थीं। हमारे सामने 4 मैच हैं। उम्मीद है, सभी मुकाबले रोमांचक होंगे।”
इंग्लैंड के ऑलराउंडर ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के भारतीय टीम में चुने जाने को अद्भुत बताया।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि वैभव की कहानी अविश्वसनीय है। मैंने एक महीने तक बहुत सारा आईपीएल देखा, और मैं बस इस लड़के को देख रहा था, वह बहुत आसान लग रहा है। यह सच में अविश्वसनीय है और यह सही भी है, उसे वह अटेंशन मिल रही है जिसका वह हकदार है। वह अपनी जिंदगी का सबसे अच्छा समय बिता रहा है। 15 साल की उम्र में भारत के लिए खेलना शानदार है। मुझे लगता है कि विरोधी टीम का होने के बावजूद, आपको स्किल और ऐसी चीजों की तारीफ करनी चाहिए।”
करन ने कहा कि इंग्लैंड में खेलना सूर्यवंशी को पिचों और कंडीशन के मामले में एक अलग चुनौती दे सकता है। यहां पिचें बहुत अलग हैं। भारत के मुकाबले बहुत धीमी हैं, लेकिन वह वह बहुत अच्छा खेल रहा है। वह जो कर रहा है, उसके लिए वह बहुत खास है।
ऑलराउंडर ने कहा, “मुझे लगता है कि भारत में एक भारतीय क्रिकेटर होना शायद हमसे कहीं ज्यादा बड़ा है। मुझे लगता है कि शायद यही उसकी सबसे बड़ी चुनौती होगी कि वह इसे कैसे संभालता है। उसने एक या दो आईपीएल सीजन खेले हैं और अब सीधे भारतीय टीम में आ गया है। मुझे यकीन है कि उसके आस-पास ऐसे लोग हैं जो उसकी मदद करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन मुझे लगता है कि जब तक वह अपना डेब्यू नहीं कर लेता और यह नहीं देख लेता कि वह कैसा करता है, तब तक आपको कुछ पता नहीं चलता।”
उन्होंने कहा, “मुझे यकीन है कि बाकी लोगों की तरह उसके जीवन में भी उतार-चढ़ाव आएंगे, लेकिन एक क्रिकेट खिलाड़ी के तौर पर, आपको उसका काम एन्जॉय करना चाहिए क्योंकि यह बहुत कूल है। 15 साल की उम्र में, मुझे लगता है कि मैं, सरे इनडोर स्कूल में पढ़ रहा था। मुझे उम्मीद है, वह अपनी पूरी क्षमता दिखाएगा। हालांकि, मैं यह चाहता हूं कि वह हमारे खिलाफ अच्छा न करे।”
हालांकि वैभव का डेब्यू कब होगा, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्टता नहीं है।
करन इंग्लैंड के लिए सीमित ओवरों की क्रिकेट का नियमित चेहरा रहे हैं। बेन स्टोक्स के संन्यास के बाद उनके लिए टेस्ट फॉर्मेट में भी मौका बन रहा है। टेस्ट फॉर्मेट में स्टोक्स की जगह लेने के सवाल पर सैम करन ने कहा, “अगर उन्हें पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स के संन्यास की वजह से टेस्ट टीम में खाली हुई जगह को भरने के लिए बुलाया जाता है, तो वह तैयार हैं।”
उन्होंने कहा, “स्टोक्स की कमी को पूरा करना एक बड़ी बात होगी, लेकिन हां, मुझे इंग्लैंड के लिए खेलना पसंद है। उनकी जगह जो भी आएगा, उस पर बहुत दबाव होगा। मैं कोई दबाव नहीं लेना चाहता। मैं एक प्रतियोगी क्रिकेटर हूं, मुझे जो भी चुनौती मिलेगी, मैं अपनी पूरी कोशिश उसे बेहतर तरीके से करने की करूंगा, चाहे कोई भी फॉर्मेट हो।”
करन ने कहा कि फिलहाल मैं भारत के खिलाफ सीरीज पर फोकस कर रहा हूं, फिर देखते हैं कि बाद में क्या होता है।
–आईएएनएस
पीएके
