लंदन, 27 जून (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान, दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज और आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने कहा है कि वैभव सूर्यवंशी में भारतीय क्रिकेट और विश्व क्रिकेट की ताकत बनने के सभी गुण हैं। संगकारा ने कहा कि वैभव शोहरत और अटेंशन को संभालने के लिए अच्छी तरह से तैयार है।
संगकारा ने एक साक्षात्कार में कहा, “मुझे लगता है कि वैभव सारा अटेंशन बहुत अच्छे से संभाल लेगा। वह इसे कैसे संतुलित करता है, और उसे अपने परिवार और टीम से जो समर्थन मिलता है, वह बहुत जरूरी होगा। राजस्थान रॉयल्स में, हम इस बात पर बहुत ध्यान देते हैं कि हम उसे कैसे मैनेज करें और बचाएं। हम उस पर नजर रखते हैं ताकि यह पक्का हो सके कि वह जमीन से जुड़ा और केंद्रित रहे। एक बात मैं पक्के तौर पर कह सकता हूं कि वैभव को बल्लेबाजी पसंद है। उसे खेल पसंद है। शोहरत और चमक-दमक का उस पर कोई खास असर नहीं पड़ता। वह बहुत जमीन से जुड़ा हुआ है और कई चीजों को लेकर उत्सुक रहता है।”
आरआर के कोच ने कहा, “वह हर समय सिर्फ क्रिकेट में ही नहीं जीता और सांस लेता है। उसके पास दूसरी चीजों के लिए भी जगह है। मुझे कोई शक नहीं है कि वह भारतीय क्रिकेट, विश्व क्रिकेट और फ्रेंचाइज क्रिकेट के लिए एक ताकत बनेगा। वह मानसिक तौर पर मजबूत है।”
उन्होंने कहा, “2023 में, हमारे एनालिस्ट (विश्लेषक) अक्षय ने हमें वैभव सूर्यवंशी नाम के एक 12 साल के बच्चे के बारे में एक संदेश भेजा था। उन्होंने कहा था कि लड़का बहुत प्रतिभाशाली है और हमें उसे देखना होगा। उसके कोच मनीष ओझा ने वैभव के पिता से कहा था कि वह बच्चा सिर्फ 12 साल की उम्र में बड़ी लीग के लिए तैयार था। हम पहले तो हैरान थे, सोचा कि यह मजाक है, लेकिन अक्षय को पूरा यकीन था, इसलिए हम उसे ले आए। उस समय राहुल द्रविड़ आरआर में मुख्य कोच थे। उन्होंने उसे पांच-छह मिनट तक देखा और कहा, ‘हमें इस लड़के को खरीदना होगा।'”
संगकारा ने कहा, “मैंने वैभव को पहली बार गुवाहाटी में एक कैंप के दौरान देखा था। एक छोटे से साइड नेट में, जोफ्रा आर्चर और संदीप शर्मा नई गेंद से गेंदबाजी कर रहे थे। वहां कोई बल्लेबाजी नहीं करना चाहता था। वैभव अंदर आया और बोला, ‘मैं बल्लेबाजी करूंगा।’ उसके बल्ले से निकली आवाज बंदूक की गोली जैसी थी। उसने आर्चर और संदीप का आसानी से सामना किया। एक समय तो आर्चर बस रुक गया और हंस पड़ा क्योंकि यह 14 साल का लड़का उसके साथ बहुत बुरा बर्ताव कर रहा था।”
श्रीलंकाई दिग्गज ने आईपीएल 2026 से जुड़ी वैभव सूर्यवंशी की एक कहानी सुनाते हुए कहा, “हम जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ खेल रहे थे। आरआर को जीत के लिए 221 रन बनाने थे। वैभव ओपनिंग के लिए जा रहा था। मैदान पर जाने से पहले, उसने मेरी तरफ देखा और कहा, ‘कोच, चिंता मत करो।’ फिर वह ड्रेसिंग रूम में गया और डोनोवन फरेरा और लुआनड्रे प्रीटोरियस से कहा, ‘सुनो तुम दोनों, मैं आज 13 छक्के मारने वाला हूं। उसके बाद, तुम बस काम खत्म करना।’ उसने उस मैच में 10 छक्के मारे। डोनोवन और लुआनड्रे को पहले लगा कि वह मजाक कर रहा है, लेकिन जब वह पांच छक्कों तक पहुंचा, तो उन्होंने काउंटडाउन शुरू कर दिया। उन्हें एहसास हुआ कि वह सच में ऐसा करने वाला है। सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव में ऐसा आत्मविश्वास है।”
वैभव ने उस मैच में 38 गेंदों पर 10 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 93 रन बनाकर टीम को जीत दिलायी थी।
आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन की वजह से वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है। आयरलैंड के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए पहले टी20 मुकाबले में वैभव को डेब्यू का मौका नहीं मिल सका। रविवार को होने वाले दूसरे टी20 में वैभव को डेब्यू का इंतजार है।
–आईएएनएस
पीएके
