श्रीदेवी के सामने एक्टिंग करने में छूट जाते थे पसीने, 'जुदाई' को याद कर उर्मिला मातोंडकर ने सुनाया दिलचस्प किस्सा


मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा की कई ऐसी फिल्में हैं, जिन्हें आज भी दर्शक बड़े चाव से देखते हैं। इन्हीं फिल्मों में एक नाम है सुपरहिट फिल्म ‘जुदाई’ का, जो 1997 में रिलीज हुई थी। यह फिल्म अपनी अनोखी कहानी और शानदार गानों की वजह से लोगों के बीच लोकप्रिय है।

फिल्म में दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी, अभिनेता अनिल कपूर, और अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर की तिकड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। खास तौर पर उर्मिला मातोंडकर के निभाए गए जान्हवी के किरदार ने लोगों के दिलों में अलग जगह बनाई थी। हालांकि पर्दे पर आत्मविश्वास से भरपूर नजर आने वाली उर्मिला के लिए इस फिल्म की शूटिंग उतनी आसान नहीं थी, जितनी दर्शकों को दिखाई देती है।

हाल ही में उर्मिला मातोंडकर डांस शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ में स्पेशल गेस्ट के तौर पर शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने अपने फिल्मी सफर की कई यादों को साझा किया। बातचीत में जब फिल्म ‘जुदाई’ का जिक्र हुआ तो उन्होंने बताया कि इस फिल्म में काम करना उनके लिए कितना चुनौतीपूर्ण अनुभव था।

उर्मिला ने कहा, ”मुझे फिल्म की कहानी और किरदार काफी पसंद आए थे, लेकिन श्रीदेवी और अनिल कपूर जैसे बड़े सितारों के साथ काम करने में मैं काफी घबरा रही थीं। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मैं इतने अनुभवी कलाकारों के सामने अपने अभिनय को कैसे साबित कर पाऊंगी। कई बार तो यह सोचकर ही पसीने छूटने लगते थे कि मुझे श्रीदेवी के सामने एक्टिंग करना है।”

उर्मिला ने कहा, ”श्रीदेवी काफी बड़ी अभिनेत्री थीं। उनके व्यक्तित्व में भी एक अलग तरह का प्रभाव था। वह अपने काम के प्रति बेहद समर्पित थीं और हर सीन को पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ निभाती थीं। ये देखकर मैं उनके सामने अभिनय करते समय काफी दबाव महसूस करती थी।”

उर्मिला ने फिल्म का एक गाना ‘हां मुझे प्यार हुआ अल्लाह मियां’ से जुड़ा एक किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया, ”उस समय मुझे कई सीन्स को लेकर चिंता रहती थी। मैं बार-बार सोचती थी कि कहीं मेरा अभिनय कमजोर न पड़ जाए। लेकिन जैसे-जैसे शूटिंग आगे बढ़ी, मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने का मौका मिला। श्रीदेवी और अनिल कपूर किसी एक्टिंग स्कूल से कम नहीं थे। मेरी सारी घबराहट धीरे-धीरे दूर होती चली गई और मुझे सेट पर मजा आने लगा।”

फिल्म ‘जुदाई’ की कहानी अपने दौर के हिसाब से काफी अलग थी। कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो धन-दौलत और आरामदायक जीवन की चाह में अपने पति की दूसरी शादी करवाने के लिए तैयार हो जाती है। लेकिन समय बीतने के साथ उसे एहसास होता है कि उसने अपने वैवाहिक जीवन में किसी तीसरे व्यक्ति को जगह देकर बहुत बड़ी गलती कर दी है।

निर्माता बोनी कपूर की इस फिल्म में श्रीदेवी, अनिल कपूर और उर्मिला मातोंडकर के अलावा कादर खान, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, परेश रावल, उपासना सिंह, ओमकार कपूर, और सईद जाफरी जैसे कई शानदार कलाकार भी नजर आए थे।

–आईएएनएस

पीके/एएस


Related Articles

Latest News