नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। सिविल सेवक बनने की तैयारी करने वालों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने विभिन्न विभागों में ग्रुप ‘ए’ और ग्रुप ‘बी’ राजपत्रित पदों पर वर्ग अनुसार अलग-अलग कुल 45 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्त पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आयोग ने जिन 45 पदों पर वैकेंसी निकाली है, उनमें केंद्रीय सचिवालय पुस्तकालय, संस्कृति मंत्रालय में सहायक पुस्तकालय एवं सूचना अधिकारी (भाषा – कन्नड़) के 1; सिविल इंजीनियरिंग (संरचनात्मक) कॉलेज ऑफ मिलिट्री इंजीनियरिंग, पुणे, रक्षा मंत्रालय में एसोसिएट प्रोफेसर के 1; सिविल इंजीनियरिंग (संरचनात्मक), सैन्य इंजीनियरिंग महाविद्यालय, पुणे, रक्षा मंत्रालय में सहायक प्रोफेसर के 1; विद्युत अभियांत्रिकी (पावर सिस्टम) सैन्य अभियांत्रिकी महाविद्यालय, पुणे, रक्षा मंत्रालय में सहायक प्रोफेसर के 1; मैकेनिकल इंजीनियरिंग (ऊष्मा स्थानांतरण) कॉलेज ऑफ मिलिट्री इंजीनियरिंग, पुणे, रक्षा मंत्रालय में सहायक प्रोफेसर के 1; सिग्नल इंटेलिजेंस निदेशालय, एकीकृत रक्षा स्टाफ, मुख्यालय, रक्षा मंत्रालय में अनुवादक (चीनी) के 1; सिग्नल इंटेलिजेंस निदेशालय, एकीकृत रक्षा कर्मचारी मुख्यालय, रक्षा मंत्रालय में अनुवादक (तिब्बती) के 1; रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ), रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग, रक्षा मंत्रालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ग्रेड-II के 29; भारतीय खान ब्यूरो, खान मंत्रालय में सहायक खनन अभियंता के 4; भारतीय खान ब्यूरो, खान मंत्रालय में सहायक अनुसंधान अधिकारी के 2; और वित्त विभाग, लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन में लेखा अधिकारी के 3 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 29 मई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद और विषय अनुसार ग्रेएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में अन्य निर्धारित पात्रता, कौशल और अनुभव का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद अनुसार 30 से 45 वर्ष की बीच तय किया गया है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन योग्यताओं और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, भर्ती परीक्षा (यदि आयोजित की जाती है), पर्सनल इंटरव्यू, और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार वेतनमान स्तर 7 से 10 और शैक्षणिक स्तर 10 से 13ए1 के तहत होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 25 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होम पेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकालकर रख लें।
कैंडिडेट्स को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यूपीएससी की ओर से संबंधित पदों के लिए जारी डिटेल्ड नोटिफिकेशन को ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर चेक करने की सलाह दी जाती है।
–आईएएनएस
डीके/पीएम
