UP: योगी सरकार का मेगा जॉब प्लान, अधीनस्थ चयन आयोग से लेकर शिक्षा विभाग तक; 2026-27 में बंपर नियुक्तियों की तैयारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की सरकारी भर्ती प्रक्रिया को लेकर एक नया रिकॉर्ड साझा किया है। रविवार को लोक भवन में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में सीएम योगी ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश सरकार ने 9 लाख से अधिक नौजवानों को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी हैं।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के 357 कनिष्ठ विश्लेषकों (औषधि) और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 252 दंत स्वास्थ्य विज्ञानियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चालू वित्तीय वर्ष (2026-27) में भी प्रदेश सरकार डेढ़ लाख से अधिक नई सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया को संपन्न करने जा रही है।

आगामी भर्तियों का रोडमैप

मुख्यमंत्री ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए भर्ती आयोगों का लक्ष्य भी निर्धारित किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अकेले उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) 32 हजार से अधिक नियुक्तियां पूरी करेगा। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को लगभग 15 हजार और नवनिर्मित शिक्षा चयन आयोग को हजारों शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का जिम्मा सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में भी अब तक 2.20 लाख से अधिक नियुक्तियां सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं।

भ्रष्टाचार पर प्रहार और सख्त कानून

भर्ती परीक्षाओं की सुचिता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि सरकारी नौकरियों की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ‘सेंधमारी’ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने नकल और बेईमानी रोकने के लिए सख्त कानून बनाया है, जिसके तहत दोषियों को आजीवन कारावास की सजा और उनकी पूरी संपत्ति जब्त करने का प्रावधान है। सीएम ने 2017 से पहले के दौर को याद दिलाते हुए कहा कि तब भर्ती बोर्ड के चेयरमैन एक ओर बैठते थे और ‘चाचा-भतीजे’ की जोड़ियां वसूली के लिए निकल पड़ती थीं, जिससे योग्य उम्मीदवारों के सपने चकनाचूर हो जाते थे।

निवेश और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि दंगामुक्त और सुरक्षित वातावरण के कारण उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ा है। फार्मा सेक्टर में हाल ही में 17 निवेशकों को पत्र जारी किए गए हैं, जो प्रदेश के भीतर ही दवाइयों का उत्पादन और मैन्युफैक्चरिंग करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों का ही परिणाम है कि कोरोना जैसी महामारी के बावजूद उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई है और आज प्रदेश के पास देश का सबसे बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है।

Related Articles

Latest News