UP: चोरों का आतंक, घर से लाखों के जेवर और नकदी लेकर हुए फरार, इलाके में दहशत

कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरथरा पोस्ट सफेदाबाद में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पार कर दी। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार गांव वासी मोहम्मद अनवर के घर में शुक्रवार रात करीब तीन बजे चोर घुस आए। उस समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। सुबह उठने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी टूटी पड़ी थी। अलमारी में रखे बहू के सोने-चांदी के जेवर तथा 25 हजार रुपये नकद गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब चार से पांच लाख रुपये बताई जा रही है। सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

संदिग्ध युवकों की रेकी सीसीटीवी में कैद

शहर के ग्रीन गार्डन सिटी चोपुला इलाके में देर रात संदिग्ध युवकों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों का आरोप है कि युवक घरों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। बताया जा रहा कि देर रात कुछ युवक कॉलोनी की गलियों में घूमते नजर आए।सीसीटीवी फुटेज में युवक मुंह बांधे हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे घरों के आसपास घूमते, इधर-उधर नजर दौड़ाते और गतिविधियों पर नजर रखते दिख रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद कॉलोनी के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

एटीएम बदलकर खाते से रकम उड़ाई

सतरिख थाना क्षेत्र में एक शातिर युवक ने एटीएम बदलकर खाते से रकम निकाल ली। दूसरे दिन बैंक में खाते में महज 18 रुपये होने का पता चलते ही पीड़ित का माथा ठनक गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज की है। जानकारी के अनुसार ग्राम पनिहल थाना जैदपुर निवासी आशाराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 1 मई को स्टेट बैंक शाखा नानमऊ स्थित एटीएम पर पैसे निकालने गया था। दोपहर में उसने एटीएम मशीन में कार्ड लगाकर एमपिन डाला, लेकिन ट्रांजेक्शन फेल दिखाने लगा। 

इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात युवक ने मदद के बहाने उसका कार्ड लेकर साफ करने की बात कही और दोबारा मशीन में लगाने को कहा। कई प्रयासों के बाद भी पैसा नहीं निकला, जिसके बाद वह वापस घर चला गया। पीड़ित ने बताया कि 5 मई को जब वह बैंक पहुंचा तो खाते में मात्र 18 रुपये शेष होने की जानकारी मिली। 

बैंक कर्मियों ने बताया कि उसके एटीएम कार्ड से उसी दिन बरौली मलिक तथा औसनेश्वर किसान सेवा केंद्र क्षेत्र से नकदी निकाली गई है। पीड़ित ने बैंक स्टेटमेंट भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। पुलिस ने एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच शुरू की है।

Related Articles

Latest News