UP: वाराणसी-चंडीगढ़ के बीच चलेगी ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन, 14 मई से शुरुआत, जानें पूरा शेड्यूल

ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे प्रशासन ने वाराणसी और चंडीगढ़ के मध्य आरक्षित ग्रीष्मकालीन विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे की ओर से 04227/04228 वाराणसी-चंडीगढ़-वाराणसी विशेष एक्सप्रेस का संचालन 14 मई से 13 जुलाई तक किया जाएगा।रेलवे अधिकारियों के अनुसार गाड़ी संख्या 04227 वाराणसी-चंडीगढ़ विशेष एक्सप्रेस 14 मई से 12 जुलाई तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को वाराणसी जंक्शन से सुबह 11:05 बजे प्रस्थान करने के साथ अगले दिन सुबह 4:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। 

मार्ग में यह विशेष गाड़ी मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन, रायबरेली, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, रुड़की, सहारनपुर और अंबाला कैंट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन के अन्य ठहराव और समय-सारणी की विस्तृत जानकारी के लिए रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा रेलवे की पूछताछ वेबसाइट का उपयोग करें।

वहीं गाड़ी संख्या 04228 चंडीगढ़-वाराणसी विशेष एक्सप्रेस 15 मई से 13 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को चंडीगढ़ से सुबह 6 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 12:55 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। यह विशेष ट्रेन कुल 18-18 फेरों के लिए चलाई जाएगी। ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 12 एसी तृतीय श्रेणी, 5 एसी द्वितीय श्रेणी तथा 2 एसएलआर कोच शामिल होंगे। 

Related Articles

Latest News