यूपी: शाहजहांपुर में पिल्ले को बेरहमी से पीटकर मारने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा


शाहजहांपुर, 10 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक कुत्ते के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला शहर के सदर बाजार थाना क्षेत्र के लाला तेली बजरिया इलाके का है। बताया जा रहा है कि एक पिल्ला किसी तरह वहां स्थित कब्रिस्तान परिसर में घुस गया था। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने पिल्ले को पकड़ लिया और उसे बोरे में बंद कर दिया। इसके बाद उन लोगों ने लाठी-डंडों से पिल्ले की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। लोगों ने इस घटना को बेहद क्रूर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले में एक पशु संरक्षण संस्था की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर दी गई। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, लेकिन अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना में शामिल लोगों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही उन्हें गिरफ्तार कर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

–आईएएनएस

एमएस/


Related Articles

Latest News