UP: चारबाग स्टेशन पर कई ट्रेनें पुराने रूट पर बहाल, कानपुर-लखनऊ-बाराबंकी मार्ग पर फिर दौड़ेंगी ये ट्रेनें

उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्व में परिवर्तित मार्ग से चल रही कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को पुनः उनके मूल मार्ग पर संचालित करने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विभिन्न ट्रेनों को कानपुर सेंट्रल–लखनऊ जंक्शन–बाराबंकी जंक्शन मार्ग पर बहाल किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को लखनऊ स्टेशन पर पुनः ठहराव की सुविधा मिलेगी।

इन ट्रेनों का मार्ग बहाल

ट्रेन संख्या 19053 सूरत–मुजफ्फरपुर, 11079 लोकमान्य तिलक–गोरखपुर, 11080 गोरखपुर–लोकमान्य तिलक, 15066 पनवेल–गोरखपुर, 19201 भावनगर टर्मिनस–अयोध्या कैंट तथा 15030 पुणे–गोरखपुर एक्सप्रेस को पुनः उनके निर्धारित मार्ग पर चलाया जाएगा। ये ट्रेनें पहले कानपुर सेंट्रल–ऐशबाग–मल्हौर–बाराबंकी मार्ग से संचालित की जा रही थीं, जिसके कारण लखनऊ जंक्शन पर उनका ठहराव नहीं हो रहा था। रेलवे के अनुसार, 11 से 22 जून के बीच निर्धारित तिथियों पर इन ट्रेनों का संचालन पुनः कानपुर सेंट्रल–लखनऊ जंक्शन–बाराबंकी जंक्शन मार्ग से किया जाएगा। इससे लखनऊ जंक्शन पर यात्रियों को चढ़ने और उतरने की सुविधा फिर से उपलब्ध होगी।

प्लेटफॉर्म में भी बदलाव

उत्तरी रेलवे ने 11 जून से प्लेटफॉर्म संख्या-4 से संचालित होने वाली कुछ ट्रेनों के प्लेटफॉर्म परिवर्तन का भी प्रस्ताव लागू किया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है। अद्यतन जानकारी के लिए यात्री नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) का उपयोग कर सकते हैं या रेलवे हेल्पलाइन नंबर-139 पर संपर्क कर सकते हैं।

4 घंटे विलंब से चलेगी जम्मूतवी-हावड़ा एक्सप्रेस

अमृत विचारः शाहजहांपुर–बरेली रेलखंड पर टैम्पिंग कार्य के लिए लिए गए ट्रैफिक ब्लॉक के कारण ट्रेन संख्या 13042 जम्मूतवी–हावड़ा जंक्शन एक्सप्रेस का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार, 11 जून और 14 जून को जम्मूतवी से प्रस्थान करने वाली यह ट्रेन अपने प्रारंभिक स्टेशन से 4 घंटे पुनर्निर्धारित कर चलाई जाएगी। यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की गई है।

Related Articles

Latest News