नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने 21 जून को विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल रेलगाड़ियों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और परीक्षा के बाद विद्यार्थियों की वापसी यात्रा को आसान बनाना है। सभी विशेष ट्रेनों में केवल अनारक्षित श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
लखनऊ से वाराणसी और प्रयागराज के लिए विशेष ट्रेनें
गाड़ी संख्या 04206 लखनऊ–वाराणसी जंक्शन परीक्षा स्पेशल 21 जून को शाम 5:55 बजे लखनऊ से रवाना होगी। इसमें 11 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन बाराबंकी, रुदौली, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, गोशाईंगंज, अकबरपुर, शाहगंज, जौनपुर और जफराबाद स्टेशनों पर ठहरते हुए वाराणसी पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04202 लखनऊ–प्रयागराज संगम परीक्षा स्पेशल शाम 5:45 बजे लखनऊ से प्रस्थान करेगी। 14 अनारक्षित कोचों वाली यह ट्रेन बछरावां, हरचंदपुर, रायबरेली, लक्ष्मणपुर, ऊंचाहार, परियावां कालाकांकर रोड, गढ़ी मानिकपुर, कुंडा हरनामगंज, रामचौरा रोड, फाफामऊ और प्रयाग जंक्शन होते हुए प्रयागराज संगम पहुंचेगी।
