उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां अभी सीमित बनी हुई हैं, जिसके चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और उष्ण लहर (लू) का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है।
राजधानी लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने तथा अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। हालांकि इससे तापमान में कोई विशेष राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर तथा लखनऊ क्षेत्र सहित कई इलाकों में उष्ण लहर चलने की चेतावनी जारी की है।
बांदा 42.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश के सबसे गर्म स्थानों में शामिल
प्रदेश के विभिन्न जनपदों में रविवार को तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया। बांदा 42.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश के सबसे गर्म स्थानों में शामिल रहा। इसके अलावा प्रयागराज में 42.5 डिग्री, वाराणसी (बीएचयू) में 42.4 डिग्री, कानपुर नगर में 42.3 डिग्री, बहराइच में 42.0 डिग्री तथा झांसी में 41.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। गोरखपुर में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
बहराइच में तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक
वहीं बहराइच में तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक रहा, जो प्रदेश में सर्वाधिक विचलनों में से एक है। वाराणसी (बीएचयू) में भी तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने तक प्रदेशवासियों को गर्मी और लू के प्रकोप का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक तापमान ऊंचा बने रहने की संभावना है।
