Saturday, February 14, 2026

यूपी: हरदोई में ड्यूटी कमिश्नर के छोटे भाई की क्रूर हत्या, मचा हड़कंप


हरदोई, 14 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र के मुड़रामऊ गांव में एक सनसनीखेज हत्या की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

ड्यूटी कमिश्नर रवींद्र कुमार के छोटे भाई विजय प्रताप की उनके ही घर के आंगन में बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने धारदार हथियार से पेट पर इतना घातक वार किया कि मृतक की आंतें बाहर निकल आईं।

घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। मां गोमती देवी जब उठीं तो आंगन में विजय को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। परिजनों ने तुरंत उसे पाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की मां, गोमती देवी, ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या के इरादे से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि विजय पर जानबूझकर जानलेवा हमला किया गया और इसमें गांव के कुछ लोगों की संलिप्तता है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने किसी की गिरफ्तारी नहीं की है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की मां की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच तेजी से चल रही है। पुलिस टीम गांव में पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य सुरागों की तलाश कर रही है।

ड्यूटी कमिश्नर रवींद्र कुमार के परिवार पर यह हमला होने से इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

–आईएएनएस

एमएस/


Related Articles

Latest News