उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए अपनी नई प्रादेशिक टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा जारी की गई इस नई कार्यकारिणी में 19 प्रदेश उपाध्यक्ष और 8 प्रदेश महामंत्रियों को शामिल किया गया है। आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए इस टीम के गठन में सोशल इंजीनियरिंग (जातीय समीकरण) और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ख्याल रखा गया है, साथ ही महिला चेहरों को भी संगठन में मजबूत भागीदारी दी गई है। इस पूरी टीम में पदाधिकारियों के अलावा 46 प्रदेश मंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के प्रभारियों की भी नियुक्ति की गई है।
दिग्गजों और महिलाओं को कमान
नई संगठनात्मक टीम में वरिष्ठ और युवा चेहरों का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिल रहा है। इस सूची में सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, डॉ. धर्मेंद्र सिंह और मोहित बेनीवाल जैसे प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए प्रियंका रावत, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल और डॉ. कृतिका अग्रवाल को भी उपाध्यक्ष पद से नवाजा गया है।
संगठन के काम को गति देने के लिए विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, अंकुर शर्मा और अनिल यादव समेत 46 नेताओं को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्षेत्रीय संगठन और विभिन्न मोर्चों के नए सिपहसालार
बीजेपी ने यूपी के सभी छह सांगठनिक क्षेत्रों और प्रमुख मोर्चों के अध्यक्षों के नामों का भी ऐलान कर दिया है:
क्षेत्रीय अध्यक्षों की सूची
पश्चिम क्षेत्र: नबाब सिंह नागर
ब्रज क्षेत्र: पूरन लाल लोधी
कानपुर क्षेत्र: राम किशोर साहू
अवध क्षेत्र: अवधेश द्विवेदी
काशी क्षेत्र: अशोक चौरसिया
गोरखपुर क्षेत्र: विनोद राय
विभिन्न विंग और मोर्चों के नए अध्यक्ष:
युवा मोर्चा: रोहित मिश्रा
पिछड़ा वर्ग मोर्चा: प्रकाश पाल
किसान मोर्चा: देवेन्द्र सिंह
अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा: अशोक रावत
महिला मोर्चा: सरोज कुशवाह
अनुसूचित जनजाति (ST) मोर्चा: विद्याभूषण गोंड
