भारतीय जनता पार्टी ने लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को प्रदेश संगठन के नए पदाधिकारियों की घोषणा कर दी है। नई सूची में अंबेडकरनगर को भी अहम प्रतिनिधित्व मिला है। कटेहरी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अवधेश द्विवेदी को भाजपा ने अवध क्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को जिले की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इसे संगठन द्वारा उनके लंबे राजनीतिक अनुभव तथा सक्रियता का सम्मान भी माना जा रहा है।
संगठन ने जताया भरोसा
अवधेश द्विवेदी मूल रूप से भीटी ब्लॉक क्षेत्र के दुबाने का पूरा गांव के निवासी हैं। उनके पिता स्वर्गीय जमुना प्रसाद द्विवेदी शिक्षक थे। छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे अवधेश ने संगठन और जनसंपर्क के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई। भाजपा ने उन्हें क्षेत्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी देकर संगठनात्मक मजबूती और अनुभव पर भरोसा जताया है।
कटेहरी की राजनीति से पहचान
अवधेश द्विवेदी का राजनीतिक आधार कटेहरी विधानसभा क्षेत्र रहा है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। इसके बाद वर्ष 2022 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सहयोगी निषाद पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर भी मैदान में उतरे। लगातार चुनावी राजनीति में सक्रिय रहने के कारण उन्होंने क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक पहचान बनाई।
