UP: अब CUET UG से LU में बीफार्मा का प्रवेश, अंकों के आधार पर मिलेगा एडमिशन; नए नियम इसी सत्र से लागू

लखनऊ विश्वविद्यालय के इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज में संचालित बीफार्मा पाठ्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रवेश प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब तक बीफार्मा में प्रवेश डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता था। जबकि इस वर्ष से लखनऊ विश्वविद्यालय स्वयं कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के आधार पर प्रवेश प्रदान करेगा।बीफार्मा पाठ्यक्रम में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए सीयूईटी यूजी 2026 में सम्मिलित होना अनिवार्य होगा। सीयूईटी यूजी 2026 का परिणाम घोषित होने के उपरांत अभ्यर्थी लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः सीयूईटी यूजी 2026 में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची के अनुसार संचालित की जाएगी।

बीफार्मा पाठ्यक्रम की 60 सीटों में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं परीक्षा विज्ञान विषयों में उत्तीर्ण होना चाहिए। साथ ही अभ्यर्थी का एक विषय अंग्रेजी भी होना चाहिए। बीफार्मा पाठ्यक्रम चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम है, जो आठ सेमेस्टर में विभाजित है।

Related Articles

Latest News