अनाधिकारिक टेस्ट: फर्नांडो का अर्धशतक, भारतीय टीम के खिलाफ दूसरे दिन श्रीलंका-ए की वापसी


गाले, 26 जून (आईएएनएस)। श्रीलंका-ए ने भारत-ए के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के पहले मैच में शानदार वापसी की है। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 452/6 के स्कोर पर घोषित की, जिसके बाद दूसरे दिन की समाप्ति तक मेजबान टीम ने 2 विकेट खोकर 113 रन बना लिए है। फिलहाल श्रीलंकाई टीम भारत-ए की पहली पारी से 339 रन पीछे है।

गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को आयुष पांडे और साईं सुदर्शन की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 23 ओवरों में 82 रन जोड़े।

आयुष 64 गेंदों में 3 चौकों के साथ 25 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद साईं सुदर्शन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ (22) के साथ तीसरे विकेट के लिए 90 रन जुटाए, जबकि ध्रुव जुरेल के साथ चौथे विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की। सुदर्शन 175 गेंदों में 19 चौकों के साथ 132 रन बनाकर आउट हुए।

भारत ने 217 के स्कोर तक 4 विकेट गंवा दिए थे। यहां से ध्रुव जुरेल ने टीम को मजबूती दी। शेख रशीद के साथ पांचवें विकेट के लिए 136 रन जोड़ने के बाद उन्होंने हर्ष दुबे के साथ छठे विकेट के लिए 86 रन जुटाए। रशीद 5 चौकों के साथ 63 रन बनाकर आउट हुए, जबकि दुबे ने 30 रन का योगदान दिया। जुरेल 215 गेंदों में 14 बाउंड्री के साथ 141 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से चमिका गुणासेकरा ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि दिलुम सुदीरा ने 2 विकेट अपने नाम किए।

इसके जवाब में श्रीलंका ने दिन की समाप्ति तक 31 ओवरों का सामना किया। महज 13 के स्कोर पर टीम को निरोशन डिकवेला (10) के रूप में बड़ा झटका लग गया था। इसके बाद 38 के कुल योग पर टीम ने पवनथा वीरासिंघे (11) का विकेट भी खो दिया था। यहां से अशीन बंडारा और नुवानिदु फर्नांडो ने तीसरे विकेट के लिए 75 रन जुटाकर टीम को संभाला। फिलहाल भारतीय खेमे से अंशुल कंबोज और यश ठाकुर 1-1 विकेट हासिल कर चुके हैं।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News