नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शॉट पुट एफ57 स्पर्धा में देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने वालीं पैरा एथलीट शिल्पा शायला को बुधवार को केंद्रीय भारी उद्योग और इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने सम्मानित किया। शिल्पा ने 7.26 मीटर दूर गोला फेंकते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था।
केंद्रीय मंत्री ने शिल्पा के साथ उनके कोच सत्यनारायण और पुष्पा निरंजन प्रसाद को भी सम्मानित किया। इस बात की जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए दी। उन्होंने लिखा, “आज मैंने कर्नाटक की बेहतरीन पैरा एथलीट शिल्पा के. शायला का स्वागत और सम्मान किया। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के शॉट पुट एफ57 इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की है। मेरे लोकसभा क्षेत्र के के.आर. नगर की रहने वालीं शिल्पा का सफर उनके अटूट संकल्प, लगन और कभी न हार मानने वाले जज्बे का सबूत है। उन्होंने भारी व्यक्तिगत मुश्किलों का सामना करते हुए देश का नाम रोशन किया।”
एचडी कुमारस्वामी ने आगे लिखा, “शिल्पा की यह ऐतिहासिक उपलब्धि कर्नाटक और पूरे देश के लिए गर्व की बात है और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैंने उनके कोच सत्यनारायण और पुष्पा निरंजन प्रसाद को भी इस शानदार कामयाबी में उनके अहम योगदान के लिए सम्मानित किया। मैं शिल्पा को दिल से बधाई देता हूं और कामना करता हूं कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान-सम्मान और बढ़ाती रहें।”
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शिल्पा ने शर्मिला धनखड़ के साथ पोडियम फिनिश किया था। शर्मिला पैरा एथलेटिक्स में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले पहली खिलाड़ी रहीं। शर्मिला ने 9.81 मीटर के अपने बेस्ट प्रदर्शन के साथ गोल्ड पर कब्जा जमाया था। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित हुए इस बार के कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रदर्शन यादगार रहा। भारत ने 13 गोल्ड समेत कुल 39 मेडल जीते। भारत के पैरा एथलीट्स ने भी इस यादगार अभियान में अहम भूमिका निभाई और कुल 7 मेडल अपने नाम किए, जिसमें 3 गोल्ड, 2 सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे।
–आईएएनएस
एसएम/पीएम
