Friday, February 20, 2026

'उन्हें क्रीज पर समय बिताने की जरूरत है,' अभिषेक शर्मा के लगातार 'डक' पर गावस्कर की सलाह


नई दिल्ली, 19 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। उन्होंने अब तक तीनों मुकाबलों में खाता तक नहीं खोला है। भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना ​​है कि इस 25 वर्षीय खिलाड़ी से उम्मीदें बहुत ज्यादा हो सकती हैं, उन्हें जल्दी बड़े शॉट लगाने के बजाय अपनी पारी को आगे बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।

सुनील गावस्कर ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ पर कहा, “अभिषेक शर्मा एक अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन उम्मीदें उन पर भारी पड़ रही हैं। अगर उन्होंने यूएसए के खिलाफ अच्छी शुरुआत की होती, तो बात अलग होती। अब लंबे छक्के मारने वाला और टॉप बैटर होने का दबाव नजर आ रहा है। अपनी शॉट रेंज के साथ, उन्हें ओवरों के बीच में समय बिताने की जरूरत है। वह अपनी पारी की पहली गेंद पर बाउंड्री या छक्का मारने की कोशिश नहीं कर सकते। अगर बड़े शॉट लगते हैं, तो ठीक है। लेकिन उन्हें खुद को लाइन के पार बड़े शॉट खेलने के लिए मजबूर नहीं करना चाहिए।”

अभिषेक शर्मा की मुश्किलें यूएसए के खिलाफ ‘गोल्डन डक’ से शुरू हुईं। इसके बाद पाकिस्तान और फिर नीदरलैंड्स के खिलाफ भी खाता नहीं खोल सके। हर बार वह पहले ओवर में ही आउट हो गए। ऐसे में पूर्व कप्तान गावस्कर ने स्वाभाविक स्ट्रोकप्ले की अहमियत पर जोर देते हुए कहा, “एक सिंगल लो और शुरुआत करो। चार डॉट बॉल भी मायने नहीं रखतीं। वह (अभिषेक) बाद में उनकी भरपाई कर सकते हैं। उन्हें स्मार्ट तरीके से खेलने की जरूरत है। कुछ समय क्रीज पर जमने में बिताओ और फिर अपना नैचुरल गेम खेलो। सबसे पहले, बस शुरुआत करो। हर बल्लेबाज पहला रन चाहता है। एक बार जब वह इसे बना लेगा, तो सब कुछ ठीक हो जाएगा।”

खराब फॉर्म के बावजूद, भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोएशेट ने अभिषेक शर्मा की वापसी करने की काबिलियत पर भरोसा जताते हुए कहा, “उन्होंने (अभिषेक) कल रात नेट्स में बहुत अच्छी बैटिंग की। उन्होंने 90 मिनट बैटिंग की। आपको उन्हें थोड़ा मौका देना होगा। वह ग्रुप फेज में बहुत अच्छा महसूस नहीं कर रहे थे, और उन्होंने कुछ दिन हॉस्पिटल में बिताए और (नामीबिया के खिलाफ) गेम मिस कर दिया। यह अब तक उनके लिए बहुत निराशाजनक टूर्नामेंट रहा है, लेकिन मैंने कल रात उनकी बॉल स्ट्राइकिंग से कुछ बहुत अच्छे संकेत देखे। इसलिए उन्हें लेकर कोई चिंता नहीं है, जब दूसरा फेज आएगा तो वह ठीक हो जाएंगे।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News