अंडर-18 हॉकी एशिया कप: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुरुष और महिला टीम को जीत की बधाई दी


नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान में खेली गई अंडर-18 हॉकी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला टीमों को बधाई दी है और खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

भारतीय अंडर-18 हॉकी पुरुष टीम ने शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में जापान को हराकर ‘अंडर-18 एशिया कप 2026’ का खिताब जीता। भारतीय टीम ने जापान को 4-1 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हॉकी टीम को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, “हमारे युवा हॉकी खिलाड़ियों की शानदार कामयाबी। भारतीय पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम को पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 जीतने पर बधाई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त स्किल और टीमवर्क दिखाया, जिसका नतीजा फाइनल में यादगार जीत के रूप में सामने आया। यह जीत हमारे युवाओं के बीच हॉकी की बढ़ती लोकप्रियता को भी दिखाती है। टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।”

भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम ने एशिया कप 2026 में कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में कोरिया पर 3-0 से जीत हासिल की।

पीएम ने महिला हॉकी टीम को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, “भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम को अंडर-18 एशिया कप 2026 में कांस्य पदक जीतने पर बधाई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त हिम्मत दिखाई। यह कामयाबी भारत में महिला हॉकी की बढ़ती ताकत और हमारे खिलाड़ियों की जबरदस्त काबिलियत को दिखाती है। टीम को उनके आने वाले प्रयासों के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”

हॉकी इंडिया ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर महिला और पुरुष टीमों के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

अंडर-18 पुरुष टीम के लिए हॉकी इंडिया ने एक्स पर लिखा, “भारत के गोल्ड मेडल जीतने का जश्न मनाने के लिए, हॉकी इंडिया ने हर खिलाड़ी के लिए 3 लाख और हर सहयोगी स्टाफ के लिए 1.5 लाख के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।”

हॉकी इंडिया ने कांस्य पदक जीतने वाली अंडर-18 महिला हॉकी टीम के सभी खिलाड़ियों के लिए 1-1 लाख और सहयोगी स्टाफ के लिए 50-50 हजार के पुरस्कार की घोषणा की है।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News