Sunday, February 15, 2026

ब्रिटेन: लीसेस्टर सिटी सेंटर के पास चाकूबाजी में युवक की मौत, 18 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार


लंदन, 4 फरवरी (आईएएनएस)। ब्रिटेन के लीसेस्टर शहर के सिटी सेंटर के पास चाकू से किए गए हमले में 20 के आसपास उम्र के एक युवक की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम युवक पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

मामले में पुलिस ने हत्या के संदेह में एक 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जो फिलहाल पुलिस हिरासत में है। शिन्हुआ समाचार एजेंसी के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह घटना दो लोगों के बीच हुए विवाद के बाद हुई। पुलिस ने मामले की जांच के लिए मर्डर इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दी है।

इससे पहले बुधवार को स्थानीय मीडिया ने दावा किया था कि मंगलवार शाम डि मॉन्टफोर्ट यूनिवर्सिटी के पास एक “बेहद गंभीर घटना” हुई थी, जिसका हवाला विश्वविद्यालय के बयान में दिया गया।

उधर, उत्तर-पश्चिम लंदन में भी हाल ही में चाकूबाजी की एक अन्य घटना सामने आई है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक, 31 जनवरी को एक महिला पर चाकू से हमला किया गया था। 50 वर्षीय महिला को गंभीर हालत में पाया गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस मामले में 30 वर्षीय एक व्यक्ति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे को जानते थे।

इसके अलावा, पिछले साल अक्टूबर में मैनचेस्टर शहर में एक सिनेगॉग के पास हुई सामूहिक चाकूबाजी की घटना में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। पुलिस ने बताया था कि मौके पर पहुंचे हथियारबंद पुलिसकर्मियों ने कथित हमलावर को गोली मार दी थी। इस घटना में वाहन से कुचलने और चाकू से वार किए जाने की भी पुष्टि हुई थी।

–आईएएनएस

डीएससी


Related Articles

Latest News