वियतनाम नाव हादसे में केरल के दो लोगों की मौत, मुख्यमंत्री सतीशन ने जताया शोक


नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हुई है, और कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इस हादसे पर केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने दुख जताया है।

वीडी सतीशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक पर एक पोस्ट में लिखा कि वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने आधिकारिक तौर पर कोट्टारक्कारा निवासी एसी थॉमस (57) और लोवेनी थॉमस (56) की नाव दुर्घटना में हुई दुखद मृत्यु की पुष्टि की है। राज्य सरकार प्रक्रियाओं में तेजी लाने और उन्हें वापस घर लाने के लिए विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय कर रही है। शोक संतप्त परिवार के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं।

इससे पहले इस हादसे पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद पीड़ादायक घटना है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास वियतनामी अधिकारियों के साथ समन्वय कर प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “वियतनाम के फु क्वोक के पास भारतीय नागरिकों से जुड़ी नाव दुर्घटना की दुखद खबर से बेहद व्यथित हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “हमारा दूतावास और वाणिज्य दूतावास हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। हमारे अधिकारी वियतनामी प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए विदेश मंत्रालय से अपील की कि वह वियतनामी अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखे और बचाव अभियान पर करीबी नजर रखे। उन्होंने प्रभावित भारतीय परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की।

–आईएएनएस

एमएस/


Related Articles

Latest News