ट्रंप ने अमेरिकी कोर्ट पर रिपब्लिकन के साथ पक्षपातपूर्ण व्यवहार का लगाया आरोप


वॉशिंगटन, 16 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोर्ट के ऊपर उनके और रिपब्लिकन पार्टी के नेता के साथ पक्षपातपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि कोर्ट जरूरत से ज्यादा राजनीतिक हो चुकी हैं और कई मामलों में फैसलों से ज्यादा जजों की सोच प्रभाव डालती है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अदालतों पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि न्यायपालिका रिपब्लिकन पार्टी और उनके साथ अक्सर अनुचित व्यवहार करती है और कई बार ऐसे लोगों को संरक्षण देती दिखाई देती है जिन्हें नहीं बचाया जाना चाहिए। कोर्ट जरूरत से ज्यादा राजनीतिक हो चुकी हैं और कई मामलों में फैसलों से ज्यादा जजों की सोच प्रभाव डालती है।

ट्रंप ने संयुक्त राज्य अमेरिका के फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल की भी जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में वॉशिंगटन डीसी स्थित फेडरल रिजर्व कॉम्प्लेक्स के नवीनीकरण प्रोजेक्ट में बजट से कहीं ज्यादा खर्च हुआ और काम तय समय से काफी पीछे चल रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने मामले की जांच की मांग की और कहा कि बजट के इतना बढ़ने और प्रोजेक्ट को पूरा करने में हो रही देरी की पूरी तरह जांच होनी चाहिए। ट्रंप ने कहा है कि इस मामले में प्रोजेक्ट से जुड़े कॉन्ट्रैक्टरों की भी जिम्मेदारी तय की जाए। यह एक छोटा सा प्रोजेक्ट है, जिसमें कई साल लग रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बजट का इतना बढ़ना किसी भी परियोजना में स्वीकार्य नहीं माना जा सकता और इस मामले में पारदर्शी जांच जरूरी है। ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने पॉवेल के कार्यकाल के दौरान उनके काम की पहले भी आलोचना की है और इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

जज की आलोचना करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ जज, खासकर जेम्स बोसबर्ग, उनके (ट्रंप) और रिपब्लिकन नेताओं से जुड़े मामलों में पक्षपातपूर्ण रुख अपनाते रहे हैं। ऐसे मामलों में न्यायपालिका की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं और न्यायिक प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने जज जेम्स बोसबर्ग को ट्रंप डिरेंजमेंट सिंड्रोम (टीडीएस) के सबसे ऊंचे स्तर से पीड़ित बताया और आरोप लगाया कि वे सालों से उनके और उनके लोगों के पीछे पड़े हुए हैं। ट्रंप ने कहा, “उन्होंने मुझे बुरी तरह और गलत तरीके से दोषी ठहराया। डी.सी. सर्किट ने बिना किसी जुर्म के बेगुनाह रिपब्लिकन की गिरफ्तारी और मुझे सजा देने का जोरदार समर्थन किया, लेकिन अब वह फेडरल रिजर्व की बड़ी वित्तीय गड़बड़ी की बेसिक जांच को भी रोक रहा है।”

ट्रंप ने आगे कहा कि अदालतों को राजनीतिक एजेंडे से दूर रहकर केवल कानून और न्याय के सिद्धांतों पर ध्यान देना चाहिए। न्यायपालिका का काम निष्पक्षता बनाए रखना है और किसी भी तरह का राजनीतिक प्रभाव न्याय प्रणाली की विश्वसनीयता को कमजोर कर सकता है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि बोसबर्ग को अमेरिकी राष्ट्रपति और रिपब्लिकन से जुड़े सभी केस से हटा देना चाहिए और उन पर गंभीर डिसिप्लिनरी एक्शन लेना चाहिए, जैसा कि कई दूसरे भ्रष्ट जजों के साथ हुआ है, जिन्हें बदकिस्मती से हमारे देश को सहना पड़ा है!

–आईएएनएस

केके/


Related Articles

Latest News