लखनऊ में तिहरी हत्‍या, संदिग्ध फरार


लखनऊ, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। लखनऊ में रविवार शाम एक घर से तीन शव बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

बिजनौर थाना क्षेत्र के श्रवण नगर में एक बंद मकान से बदबू आने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी तो एक महिला और दो बच्चों के शव बरामद हुए।

डीसीपी साउथ तेज स्वरूप सिंह, एसीपी विनय द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राणा मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा तो तीनों के शव मिले।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, ये लोग होली से कुछ दिन पहले ही अमृत लाल गौतम के मकान में किराए पर रहने आए थे।

मृत महिला के पति और गोंडा के बलरामपुर के रहने वाले माखन पर आरोपी होने का संदेह है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह अपनी पत्‍नी के चरित्र पर शक करता था और उसे यहां तक शक था कि बच्चे उसके नहीं हैं।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है।

–आईएएनएस

एसजीके/


Related Articles

Latest News