इंफाल, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। मणिपुर के उखरुल जिले में गश्त के दौरान संदिग्ध उग्रवादियों की गोलीबारी में बलिदान हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कांस्टेबल मिथुन मंडल को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद शनिवार को उनके पार्थिव शरीर को पश्चिम बंगाल स्थित उनके पैतृक निवास भेज दिया गया।
बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि उखरुल जिले के मोंगकोट चेपु गांव में तांगखुल नागा और कुकी उग्रवादियों के बीच हुई गोलीबारी के दौरान, मंडल को ‘रोड ओपनिंग पार्टी’ (आरओपी) की ड्यूटी करते समय उनके बाएं कंधे में गोली लग गई। उन्हें तुरंत इंफाल के ‘रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ ले जाया गया, लेकिन चोटों के कारण शुक्रवार की रात को डॉक्टरों ने उन्हें ब्रॉड डेड घोषित कर दिया।
बीएफएफ की ओर से बताया गया कि उनका अनुकरणीय साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा बीएसएफ की सर्वोच्च परंपराओं को दर्शाती है। शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार को इंफाल के ‘बीर टिकेंद्रजीत अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे’ पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ एक पुष्पांजलि समारोह आयोजित किया गया।
बीएसएफ मणिपुर के सेक्टर मुख्यालय की ओर से आयोजित इस समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों सहित लगभग 200 कर्मी मौजूद रहे। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह, सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह, पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बल ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ शहीद को अंतिम विदाई दी।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि बीएसएफ दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और इस क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के अपने अटूट संकल्प को दोहराती है। मिथुन मंडल के बलिदान को हमेशा सम्मान, गर्व और गहरी कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने घटना की कड़ी निंदा की और बीएसएफ जवान के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि राष्ट्र की सेवा में दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति पूरा राज्य गहरे सम्मान और कृतज्ञता के साथ नतमस्तक है। वीरता और समर्पण के ऐसे कार्य हमारे देश की संप्रभुता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखते हैं, और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। शहीद को मेरा नमन।
–आईएएनएस
एसडी/डीकेपी
