लखनऊ. यूपी की राजधानी लखनऊ की ट्रैफिक पुलिस ने धनतेरस, दिवाली और भाई दूज के पर्व पर 10 से 15 नवंबर तक बाजारों में भीड़ बढ़ने के कारण कई रास्तों पर तीन और चार पहिया वाहनों पर पाबंदी लगा दी है. अगर लोग प्रतिबंधित मार्ग पर वाहन चलाते हैं, तो उन्हें चालान और जुर्माने के साथ-साथ क्रेन द्वारा टो भी किया जाएगा. हालांकि प्रतिबंधित मार्ग पर एम्बुलेंस, फायर सर्विस, स्कूली वाहन और शव वाहनों को ले जाने की अनुमति रहेगी. यह डायवर्जन हजरतगंज, महानगर, चौक, भूतनाथ, गोमतीनगर और अमीनाबाद के लिए प्रमुख रूप से लागू किया गया है. लखनऊ के डीसीपी ट्रैफिक ह्रदेश कुमार ने बताया कि बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह रूट डायवर्जन किया गया है.
