'आज का दिन परफेक्ट होने का नहीं है', मदर्स डे पर भावुक हुईं पवन कल्याण की पत्नी अन्ना कोनिडेला


चेन्नई, 10 मई (आईएएनएस)। मदर्स डे के मौके पर आम लोगों से लेकर फिल्मी सितारों तक हर किसी ने अपनी मां और मातृत्व से जुड़ी भावनाओं को खास अंदाज में साझा किया। इसी कड़ी में अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की पत्नी अन्ना कोनिडेला, अभिनेत्री राधिका सरथ कुमार और अभिनेत्री अभिरामी ने भी पोस्ट किया।

अन्ना कोनिडेला ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट की और कैप्शन में लिखा, “आज का दिन उन माताओं के नाम, जिन्होंने 19 साल की उम्र में बच्चों को जन्म दिया और उन माताओं के नाम भी, जिन्होंने 40 की उम्र तक इंतजार किया। उन महिलाओं के लिए, जिन्होंने स्वाभाविक रूप से बच्चों को जन्म दिया, और उन महिलाओं के लिए भी, जिन्होंने आईवीएफ, इंजेक्शन, अस्पतालों के इंतजार और टूटे हुए दिल के दर्द से लड़ते हुए मां बनने का सफर तय किया।”

उन्होंने आगे लिखा, “उन माताओं के लिए, जिन्होंने घर संभालते हुए बच्चों की परवरिश की, और उन माताओं के लिए भी, जो काम पर वापस लौटीं। उन महिलाओं के लिए, जो अकेले अपने बच्चों की परवरिश कर रही हैं। उन महिलाओं के लिए, जो खुद के टूटे हिस्सों को संभालते हुए किसी और को प्यार और नरमी से बड़ा करने की कोशिश कर रही हैं।”

पोस्ट में अन्ना कोनिडेला ने आगे लिखा, “ये दिन उन माताओं के लिए भी है, जिन्होंने अपने बच्चे को खो दिया। उन महिलाओं के लिए, जिन्होंने गर्भपात का दर्द सहा और फिर भी दुनिया को चलते हुए देखते हुए खुद को संभालकर जिंदगी जीती रहीं। उन महिलाओं के लिए, जो एक दिन मां बनने का सपना देखती हैं और उन महिलाओं के लिए भी, जिनका प्यार इतना बड़ा है कि उन्होंने किसी बच्चे को गोद लेकर मां बनने का फैसला किया।”

कैप्शन में आगे कहा गया, “एक महिला होने का कोई एक तय तरीका नहीं होता और मां बनने का भी कोई एक तरीका नहीं होता। मातृत्व के हर रूप के पीछे त्याग, डर, ताकत, थकान, प्यार और हजारों ऐसे अनदेखे एहसास छिपे होते हैं, जिन पर दुनिया अक्सर ध्यान नहीं देती। आज का दिन परफेक्ट होने का नहीं है। यह दिन उन सभी महिलाओं का सम्मान करने का है, जो अपने जीवन में बहुत कुछ संभाले हुए हैं। हैप्पी मदर्स डे।”

वहीं, अभिनेत्री राधिका सरथकुमार ने भी अपनी मां को याद करते हुए पोस्ट किया। उन्होंने कहा, “आज पूरा परिवार मां को बहुत याद कर रहा है। मेरे लिए हर दिन मदर्स डे जैसा ही होता है।”

अभिनेत्री अभिरामी ने भी मदर्स डे पर खास पोस्ट किया। उन्होंने अपनी मां और बेटी, दोनों से जुड़ी भावनाओं को एक साथ व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “मेरी मां ने मुझे बेटी की तरह प्यार और अच्छे संस्कार देकर बड़ा किया, जबकि मेरी बेटी मुझे हर दिन मां होने का एहसास सिखा रही है।”

–आईएएनएस

पीके/एएस


Related Articles

Latest News