Monday, February 23, 2026

लखनऊ के मलिहाबाद में भूमि विवाद में तीन लोगों की हत्या


लखनऊ, 2 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मलिहाबाद के मोहम्मद नगर इलाके में शुक्रवार को जमीन की पैमाइश के दौरान तीन लोगों को गोली मारकर हत्या कर दी गई।

लखनऊ के पुलिस कमिश्नर एस.बी. शिरोडकर ने बताया कि दोनों पक्ष अपनी जमीन की पैमाइश के लिए घटनास्थल पर आए थे। पैमाइश के दौरान आपस में वाद-विवाद हो गया जिससे एक पक्ष ने गोली चला दी। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं। एक लाइसेंसी रायफल बरामद कर ली गई। कुछ लोगों को पकड़ा गया है। मामले का जल्द खुलासा होगा। सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी।

शिरोडकर ने बताया कि सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मलिहाबाद के मोहम्मदनगर निवासी फरहीन का सगे चाचा लल्लन से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को दोनों पक्ष जमीन की पैमाइश के लिए जुटे थे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि लल्लन पक्ष के लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान तीन की मौत हो गई।

— आईएएनएस

विकेटी/एकेजे


Related Articles

Latest News