उत्तर भारत भीषण लू चलने की आशंका, तापमान 45 डिग्री के आसपास रहने के आसार


नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को बताया कि दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है, तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

आईएमडी ने एक बयान में कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में सप्ताह के कई दिनों तक लू से लेकर भीषण लू की स्थिति रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने उत्तर, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों के लिए गंभीर पूर्वानुमान जारी करते हुए पूरे सप्ताह भीषण गर्मी पड़ने की आशंका जताई है। विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में लोगों को लू से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

दिल्ली और एनसीआर में बढ़ते तापमान का असर दिखना शुरू हो गया है, पारा सामान्य से ऊपर चढ़ गया है। शनिवार को सफदरजंग (जो शहर के मौसम का प्रतिनिधित्व करता है) में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है।

उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों, जिनमें राजस्थान, पंजाब और हरियाणा शामिल हैं, में पूरे सप्ताह तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अगले सप्ताह के मौसम पूर्वानुमान में कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में 21 मई तक अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है और 22-23 मई के दौरान इसमें कोई खास बदलाव नहीं होगा।

मौसम विभाग ने आगे कहा कि राजस्थान में 17 से 23 मई तक लू चलने की संभावना है, जबकि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में 18 से 23 मई तक तापमान में तेजी आने की आशंका है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 17 से 21 मई तक लू चलने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले सप्ताह मध्यम से लेकर भीषण लू चलने की संभावना है, जबकि दक्षिणी भाग में तेलंगाना भी भीषण गर्मी की चपेट में आएगा।

मौसम विज्ञान विभाग ने 17 और 18 मई को मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों और पश्चिमी भारत के कुछ भागों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ मध्यम बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।

पूर्वोत्तर के कई राज्यों, जिनमें असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं, में 18 मई को बिजली और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में इसी दौरान भारी बारिश की आशंका है।

–आईएएनएस

एमएस/


Related Articles

Latest News