प्रदेश में पूरब से लेकर पश्चिम तक आसमान से बरसती आग और लू से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस भी पार कर चुका है।
तेज धूप के साथ शुष्क पछुआ हवा भी अपना असर दिखा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार और सोमवार को भी राज्य के अधिकतर जिले हीट वेव की चपेट में रहेंगे।
हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते मंगलवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार हैं। राजधानी और आसपास के साथ पूर्वी यूपी में भी इसका असर होगा, जिससे अधिकतम तापमान में तीन-चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।उधर, बांदा में गर्मी ने रिकार्ड तोड़ दिया, जहां पहली बार दिन का पारा 47.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि लखनऊ में भी पहली बार अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अप्रैल के महीने पहली बार अधिक तापमान 47 सेल्सियस पार किया है। बांदा में लगातार भीषण गर्मी पड़ रही है। इससे पहले अप्रैल में सबसे ज्यादा तापमान 2022 में बांदा जिले में ही 47.4 डिग्री दर्ज किया गया था।मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के कुछ जिलों में दोपहर में लू चलने के साथ कहीं-कहीं रात भी गर्म होने के आसार हैं। मंगलवार और बुधवार को लू से राहत मिल सकती है। शनिवार को भी प्रदेश के कई जिलों में लू का असर देखा गया। बांदा के अलावा झांसी में 44.6, आगरा में 44.6, सुल्तानपुर में 43.8, फुर्सतगंज में 43.6 और वाराणसी में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
