महिलाएं जितना सशक्त होंगी, उतना देश भी सशक्त होगा: ज्योति वाघमारे


ठाणे, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। महिला आरक्षण विधेयक पर शिवसेना सांसद ज्योति वाघमारे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि यह सभी महिलाओं के लिए एक बहुत ही उत्साहवर्धक कदम है।

ज्योति वाघमारे ने कहा कि मैं इस पहल के लिए हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को बधाई देना चाहती हूं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से, वे देश की आधी आबादी, यानी महिलाओं को संसद में उचित प्रतिनिधित्व और सम्मान देने जा रहे हैं, और मैं इसका तहे दिल से स्वागत करती हूं।

उन्होंने कहा कि मैं राज्यसभा की सांसद बनकर जा रही हूं। शिवसेना के पास एक ही सीट थी। आरक्षण की सुविधा नहीं थी। इसके बाद भी उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एक महिला को राज्यसभा भेज रहे हैं। आरक्षण न होते हुए भी उन्होंने महिलाओं को सम्मान दिया। मेरे साथ ठाणे की महापौर हैं। वो भी एक महिला हैं। शिवसेना हमेशा नारी के सशक्तिकरण के लिए काम करती है।

बतौर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महिलाओं के लिए जितनी योजनाएं बनाईं, उतनी योजनाएं किसी भी मुख्यमंत्री ने नहीं बनाईं। मैं शिवसेना की ओर से इस अधिनियम का स्वागत करती हूं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए आरक्षण लागू होने से सिर्फ महिलाओं को ही नहीं, बल्कि पूरे देश को फायदा होगा, क्योंकि महात्मा फूले ने कहा कि अगर कोई पुरुष पढ़ता है तो वो अकेला पढ़ता है, लेकिन अगर एक महिला पढ़ती है तो पूरे परिवार को पढ़ाती है। उसी तरह से मुझे लगता है कि महिलाएं जितना सशक्त होंगी, उतना देश सशक्त होगा। महिलाएं जितना आगे बढ़ेंगी, उतना देश आगे बढ़ेगा।

बता दें कि भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने भी केंद्र सरकार के इस कदम की सराहना की। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि एक महिला सांसद होने के नाते बहुत आनंदित हूं।

–आईएएनएस

एसडी/डीकेपी


Related Articles

Latest News