भारत में माइक्रो-ड्रामा सीरीज का बढ़ता क्रेज, अशोक पंडित ने दिखाया 'ऑटो ड्राइवर' का वीडियो


मुंबई, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता-निर्देशक अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर एक ऑटो ड्राइवर का दिलचस्प वीडियो पोस्ट किया है, जिसके जरिए उन्होंने माइक्रो-ड्रामा सीरीज की बढ़ती लोकप्रियता का अनोखा उदाहरण पेश किया है।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए वीडियो में एक ऑटो ड्राइवर कोरियन माइक्रो ड्रामा सीरीज देखता नजर आ रहा है और अशोक पंडित से इसके बारे में बात कर रहा है।

अशोक पंडित ने वीडियो को पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, इस ऑटो ड्राइवर ने साबित कर दिया है कि माइक्रो-ड्रामा सीरीज तेजी से भारत में एक बड़े एंटरटेनमेंट फॉर्मेट में बदल रही हैं। उन्होंने बताया कि ड्राइवर ने कहा, “2 मिनट का एपिसोड देखने में बड़ा मजा आता है। मेरे बच्चे ने फोन पर इसे सेट करके दिया है।”

जब अशोक पंडित ने सुरक्षा को लेकर सवाल किया कि गाड़ी चलाते समय कैसे देख रहे हैं, तो ड्राइवर ने सहज जवाब दिया, “अरे सर जी, इतने ज्यादा ट्रैफिक जाम में 20 की स्पीड से ज्यादा तेज गाड़ी चलाने का मौका ही कहां मिलता है? सब मैनेज हो जाता है।”

यह वीडियो माइक्रो-ड्रामा की लोकप्रियता को दिखाता है। ये सीरीज 1 से 3 मिनट के छोटे-छोटे एपिसोड वाली होती हैं, जो खास तौर पर मोबाइल पर देखने के लिए बनाई जाती हैं। ये एपिसोड बेहद दिलचस्प, इमोशनल और आकर्षक होते हैं, जिस वजह से लोग इन्हें आसानी से देख लेते हैं।

माइक्रो-ड्रामा डिजिटल दुनिया में एक नई क्रांति की तरह उभर रहा है। छोटे एपिसोड, तेज कहानी और मोबाइल फ्रेंडली फॉर्मेट की वजह से यह फॉर्मेट तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले समय में यह भारत के एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाएगा।

दुनियाभर में माइक्रो-ड्रामा का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि वर्ष 2030 तक यह बाजार 4.5 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। इसकी मुख्य वजह वर्टिकल फॉर्मेट, छोटी अवधि और मोबाइल यूजर्स की बढ़ती संख्या है। लोग अब लंबी फिल्मों या सीरीज के बजाय छोटे, आसानी से देखे जा सकने वाले कंटेंट को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।

–आईएएनएस

एमटी/पीएम


Related Articles

Latest News