यूपी: म्यूजियम्स का बदलेगा चेहरा: योगी सरकार ने जारी किए करोड़ों रुपये, मुंशी प्रेमचंद संग्रहालय से लेकर लखनऊ चिल्ड्रेन गैलरी तक को मिलेगी नई चमक

प्रदेश सरकार ने संग्रहालयों के सुदृढ़ीकरण, नवीनीकरण और उच्चीकरण के लिए विभिन्न जिलों में संचालित परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि जारी की है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि संग्रहालय निदेशालय के अधीन वाराणसी, फिरोजाबाद, देवरिया, लखनऊ, झांसी और कुशीनगर में चल रही परियोजनाओं को गति देने के लिए प्रथम किश्त के रूप में धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि वाराणसी के लमही स्थित मुंशी प्रेमचंद स्मृति संग्रहालय एवं पुस्तकालय के आंतरिक साज-सज्जा और क्यूरेशन कार्य के लिए 2.60 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वहीं फिरोजाबाद में प्रस्तावित ग्लास म्यूजियम के क्यूरेशन कार्य के लिए 4.40 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि अवमुक्त की गई है। दोनों परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

लखनऊ संग्रहालय में विकसित होगी आधुनिक चिल्ड्रेन गैलरी

राज्य संग्रहालय लखनऊ में क्यूरेशन, समन्वित विकास, चिल्ड्रेन गैलरी, वर्कशॉप और लैंडस्केपिंग कार्यों के लिए 1.98 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके अलावा ओल्ड कोठी में कैफेटेरिया और नए पुस्तकालय की स्थापना के लिए 4.59 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि अवमुक्त की गई है।

झांसी और कुशीनगर की परियोजनाओं को भी मिली रफ्तार

झांसी राजकीय संग्रहालय के विकास और सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए तीन करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वहीं कुशीनगर राजकीय बौद्ध संग्रहालय के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए 15 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई है। कार्यदायी संस्थाएं इन परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही हैं।

Related Articles

Latest News