'द 50' से बाहर होने पर बोलीं दिव्या अग्रवाल, 'मैं किसी भी तरह का रियलिटी शो नहीं करूंगी'


मुंबई, 6 मार्च (आईएएनएस)। रियलिटी शोज की दुनिया हमेशा से ड्रामा, रणनीति और कड़ी टक्कर के लिए जानी जाती है। इन शोज में हिस्सा लेने वाले कलाकारों को सिर्फ मानसिक ही नहीं, बल्कि शारीरिक रूप से भी काफी मेहनत करनी पड़ती है। कई बार यह अनुभव कलाकारों के लिए सीख से भरा होता है। इसी कड़ी में रियलिटी शो ‘द 50’ से बाहर होने के बाद अभिनेत्री दिव्या अग्रवाल ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में बड़ा बयान दिया। उन्होंने खुलकर बताया कि शो का अनुभव उनके लिए कैसा रहा और अब वह अपने करियर को किस दिशा में आगे बढ़ाना चाहती हैं।

दिव्या अग्रवाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, ”मुझे इस बात की खुशी है कि मैं अब इस शो से बाहर आ चुकी हूं। यह शो काफी हद तक मेल डॉमिनेटेड था और इसमें बहुत ज्यादा फिजिकल एक्टिविटी शामिल थी। शो में हर कोई खुद को नोटिस करवाने की कोशिश कर रहा था। इसी वजह से कई बार कंटेस्टेंट्स एक-दूसरे के बारे में अजीब और अनचाही बातें भी कह देते थे। यह माहौल कई बार असहज कर देने वाला होता था।”

दिव्या ने आगे कहा, ”मैंने यह शो अपने फैंस की वजह से किया था। लंबे समय से मेरे फैंस मुझसे कह रहे थे कि मुझे एक और रियलिटी शो में हिस्सा लेना चाहिए। इसी वजह से मैंने ‘द 50’ में हिस्सा लेने का फैसला किया था।”

उन्होंने कहा, “अब मैं किसी भी तरह का रियलिटी शो नहीं करूंगी। मेरा ध्यान सिर्फ और सिर्फ अभिनय पर रहेगा। मैं अपने एक्टिंग करियर पर पूरा फोकस करना चाहती हूं।”

दिव्या अग्रवाल के करियर की बात करें तो उन्होंने मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान एक रियलिटी शो कंटेस्टेंट के तौर पर बनाई। साल 2017 में उन्होंने ‘एमटीवी स्प्लिट्सविला 10’ में हिस्सा लिया था। इस शो में वह अभिनेता प्रियांक शर्मा के साथ रनर-अप रहीं और यहीं से उन्हें बड़ी पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने कई रियलिटी शोज और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम किया और धीरे-धीरे दर्शकों के बीच लोकप्रिय होती चली गईं।

2018 में दिव्या ने ‘एमटीवी ऐस ऑफ स्पेस’ में हिस्सा लिया और इस शो की विजेता बनीं। इस जीत ने उन्हें टीवी इंडस्ट्री में और मजबूत पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग में डेब्यू किया और हॉरर वेब सीरीज ‘रागिनी एमएमएस: रिटर्न्स’ के दूसरे सीजन में नजर आईं। उनके करियर में बड़ा मोड़ तब आया वह ‘बिग बॉस ओटीटी सीजन 1’ की विजेता बनीं। इस जीत के बाद उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ और उन्हें कई वेब सीरीज, म्यूजिक वीडियो और अन्य प्रोजेक्ट्स के ऑफर मिलने लगे।

–आईएएनएस

पीके/डीकेपी


Related Articles

Latest News