'वहां मैं अपना सबसे बेहतर वर्जन पाती हूं', ओलिविया रोड्रिगो को लंदन में मिलता है सबसे ज्यादा सुकून


मुंबई, 7 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी गायिका और गीतकार ओलिविया रोड्रिगो इन दिनों अपने नए एल्बम को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी और नए एल्बम से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनके लिए लंदन एक ऐसी जगह है जहां वह खुद को अपने सबसे बेहतर रूप में पाती हैं।

ओलिविया ने कहा, “जब भी मैं लंदन में होती हूं, मुझे लगता है कि मैं खुद का सबसे बेहतर वर्जन बन जाती हूं। इस शहर का माहौल, इसकी संस्कृति और यहां का जीवन एक अलग ही एनर्जी देता है। मेरे नए एल्बम ‘यू सीम प्रिटी सैड फॉर ए गर्ल सो इन लव’ का बड़ा हिस्सा लंदन में लिखा गया। यह एल्बम वहां बिताए समय से प्रेरित है।”

सिंगर ने बताया, ”लंदन का मौसम भी मेरी क्रिएटिविटी को बढ़ाता है। यहां इतनी बारिश होती है कि लोग बाहर जाने के बजाय घर के अंदर बैठकर गिटार बजाते हैं और गाने लिखते हैं। मेरे साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। बारिश भरे दिनों में मुझे अपने विचारों और भावनाओं के साथ समय बिताने का मौका मिलता है, जिससे नए गीत बनते हैं।”

सिर्फ लंदन ही नहीं, बल्कि इंग्लैंड का मैनचेस्टर शहर भी उन्हें काफी प्रेरित करता है। ओलिविया ने बताया कि कुछ साल पहले उन्होंने मैनचेस्टर में भी समय बिताया था और वहां का अनुभव उनके लिए यादगार रहा।

बता दें कि मैनचेस्टर दुनिया के कई मशहूर बैंड्स का घर रहा है। यहां से संगीत की दुनिया को कई ऐसे कलाकार मिले हैं, जिन्होंने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई।

अपने नए एल्बम के बारे में बात करते हुए ओलिविया ने कहा, ”शुरुआत में मेरा प्लान इसे साल की शुरुआत में रिलीज करने का था। मैंने सोचा था कि फरवरी में पहला सिंगल रिलीज करूंगी और जून तक पूरा एल्बम दर्शकों के सामने आ जाएगा। लेकिन समय के साथ मुझे महसूस हुआ कि कुछ चीजों को और बेहतर बनाने की जरूरत है।”

उन्होंने कहा, ”एक अच्छा एल्बम तैयार करने में काफी समय लगता है। कई बार अपने काम को दोबारा देखने, समझने और सुधारने की जरूरत पड़ती है। इसी कारण मैंने रिलीज की जल्दबाजी नहीं की और खुद को थोड़ा ज्यादा समय दिया। कभी-कभी बेहतर परिणाम के लिए थोड़ा रुकना और चीजों को नए नजरिए से देखना जरूरी होता है।”

–आईएएनएस

पीके/एएस


Related Articles

Latest News